
जेमी लीवर ने की सुनीता आहूजा की मिमिक्री, निकाली हूबहू हंसी-आवाज, गोविंदा की पत्नी बोलीं- तू क्या...
AajTak
जेमी लीवर अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी मिमिक्री स्किल्स से लोगों को हैरान करती रहती हैं. इस बार उन्होंने गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा की नकल की है, जिसमें वो हूबहू उनकी जैसी आवाज और हंसी निकाल रही हैं.
बॉलीवुड के दिग्गज कॉमिक एक्टर्स में से एक जॉनी लीवर कई बार हमारे चेहरे पर हंसी लेकर आए हैं. अब उनकी बेटी जेमी भी उसी राह पर निकल पड़ी हैं. वो हर रोज अपने इंस्टाग्राम पर किसी पॉपुलर आर्टिस्ट्स की कॉपी करती हैं, जिसे देखने वाले हैरान और कंफ्यूज हो जाते हैं.
जेमी ने फिर मिमिक्री से किया हैरान
जेमी लीवर ने अपने इंस्टाग्राम पर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा की मिमिक्री का एक वीडियो डाला, जो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. उन्होंने जिस तरह से सुनीता के बात करने का ढंग पकड़ा और उसे कॉपी किया, वो देखने लायक बात थी. सुनीता जिस तरह अपने यूट्यूब व्लॉग और इंटरव्यूज में बात करती हैं, जेमी भी उसी अंदाज में दिखीं. लेकिन इसमें एक बड़ा ट्विस्ट भी था.
वीडियो में जेमी, सुनीता की तरह आवाज निकालकर अपने पूरे दिन का शेड्यूल बताती हैं. वो बताती हैं कि उनका मंदिर दर्शन हो गया है, उन्हें फैंस से प्यार मिल रहा है. सुनीता की तरह, जेमी कहती हैं कि उन्हें एक ब्रैंड शूट करना है जिसके लिए मेकअप की जरूरत नहीं. ये कहकर वो जोर-जोर से हंसने लगती हैं. मगर जेमी की हंसी कुछ पलों बाद रुक जाती है क्योंकि वहां पीछे से सुनीता खुद चलकर आती हैं.
फिर सुनीता जेमी से कहती हैं कि वो क्या उनकी कॉपी करेंगी. इसके बाद, वो भी हंसने लगती हैं. जेमी और सुनीता का ये कोलैब वीडियो काफी पसंद किया जा रहा है. लोग जेमी के टैलेंट की जमकर तारीफ कर रहे हैं, क्योंकि जिस तरह से उन्होंने सुनीता की हंसी वाला टोन पकड़ा, वो तारीफ के काबिल काम था. एक यूजर ने वीडियो पर कहा, 'कार्बन कॉपी लाफ्टर, बहुत खूब.'













