
भदोही: पुलिस मुठभेड़ में 5 हजार का इनामी बदमाश ढेर, पैर में लगी गोली, प्रयागराज से जुड़े तार
ABP News
Bhadohi News: यूपी के भदोही जिले में पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन' जारी है. बीती रात कोइरौना थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में 5 हजार का इनामी बदमाश संदीप यादव घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया.
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन' जारी है. बीती रात कोइरौना थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में 5 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से घायल बदमाश के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि यह मुठभेड़ 11 फरवरी 2026 की रात करीब 12:35 बजे हुई. पुलिस टीम भेलसी रोड स्थित टीवीएस एजेंसी, पैघा के पीछे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध अपराधी वहां मौजूद हैं. पुलिस ने जब घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी.
बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई. इस दौरान एक गोली मुख्य आरोपी के दाएं पैर में लगी और वह गिर पड़ा. घायल बदमाश की पहचान प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के बिलारी निवासी 23 वर्षीय संदीप यादव के रूप में हुई है. संदीप पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कोइरौना थाने में दर्ज एक मामले (मुकदमा सं. 159/2025) में वांछित चल रहा था. उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य है.













