
'पति को क्यों नहीं छोड़ा?', शादी के 15 साल तक एक्ट्रेस ने झेला जुल्म, बताया क्यों नहीं लिया तलाक
AajTak
7 मार्च को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सेलिना जेटली ने अब सर्वाइवर्स से अक्सर पूछे जाने वाले सवाल पर अपने विचार रखे हैं. उन्होंने 'तुमने उसे छोड़ क्यों नहीं दिया?' सवाल का जवाब दिया है.
नवंबर 2025 में बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने अपने पति पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा, क्रूरता और हेरफेर का आरोप लगाते हुए केस दायर किया था. उन्होंने अपने नुकसान के बदले 50 करोड़ रुपये की मांग की थी. यह मामला मुंबई के अंधेरी कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास के समक्ष दायर किया गया था. शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सेलिना ने अब सर्वाइवर्स से अक्सर पूछे जाने वाले सवाल पर अपने विचार रखे हैं. उन्होंने 'तुमने उसे छोड़ क्यों नहीं दिया?' सवाल का जवाब दिया है.
पहली बार में ही क्यों नहीं छोड़ा?
अपनी नई पोस्ट के कैप्शन में सेलिना जेटली ने इस सवाल का लंबा जवाब लिखा है. उन्होंने लिखा, 'एक सफल, पढ़े-लिखे शख्स के साथ 15 साल तक एब्यूसिव मैरिज में कोई क्यों रहता है? मैंने खुद से यह सवाल पूछा है. पहली घटना के बाद मैं क्यों नहीं चली गई? या दूसरी... तीसरी. क्या मैं अंधी थी? कमजोर? आदत पड़ गई थी? सच इससे कहीं ज्यादा कठिन है. एब्यूज शायद ही कभी हिंसा से शुरू होती है. यह प्यार से शुरू होती है. इंटेंसिटी. वादे. धीरे-धीरे निर्भरता बनाना. आपको लगता है कि आप भविष्य बना रहे हैं. फिर कुछ बदल जाता है.'
उन्होंने आगे लिखा, 'लेकिन यह लगातार नहीं होता. अच्छे दिन होते हैं. माफी. आंसू. बदलाव जो लगभग असली लगता है. उम्मीद. और उम्मीद नशे की तरह है. आप छोटी-छोटी खिड़कियों से जीवित रहने लगते हैं. मेंटल और वर्बल एब्यूज से कोई निशान नहीं पड़ता. आत्मविश्वास चुपचाप कम होता जाता है. आप एडजस्ट करते हैं. फिर ओवर-एडजस्ट. फिर खुद पर सवाल उठाते हैं. पहली बार आपको शॉक लगता है. पांचवीं बार कन्फ्यूजन होता है. दसवीं बार वो 'नॉर्मल' हो जाता है. डर कई लेयर में होता है: परिवार तोड़ना, बच्चों को चोट पहुंचाना, फाइनेंशियल अस्थिरता, नए सिरे से शुरू करना, अकेला होना.'
‘डिग्री गैसलाइटिंग नहीं रोकती’
सेलिना ने मां बनने के बारे में बात की और आगे लिखा, 'फिर आप बच्चों को दुनिया में लाते हैं. मेरे 4G. मेरे 4 सबसे बड़े तोहफे. फैसले अब सिर्फ आपके बारे में नहीं रहते. आप बचपन की रक्षा करते हैं. स्थिरता. जो आपको सुरक्षा लगती है. एसेट्स मर्ज हो जाते हैं. कंट्रोल शिफ्ट हो जाता है. इंडिपेंडेंस कॉम्प्लिकेटेड हो जाती है. अचीवमेंट आपको मैनिपुलेशन से नहीं बचाती. डिग्री गैसलाइटिंग नहीं रोकती. पब्लिक स्ट्रेंथ प्राइवेट एरोजन को नहीं रोकती.'













