
नशे में पीटता था, मांगता था दहेज... महिला पुलिसकर्मी ने लगा ली फांसी, 2024 में की थी लव मैरिज
ABP News
Chennai News: चेन्नई के एग्मोर पुलिस क्वार्टर की रहने वाली महिला पुलिसकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दावा किया जा रहा है कि महिला का पति उसे पीटता था और दहेज के लिए प्रताड़ित करता था.
Tamil Nadu News: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के एग्मोर पुलिस क्वार्टर की रहने वाली 29 साल की भुवनेश्वरी एक पुलिसकर्मी हैं. वह एग्मोर पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा में काम कर रही थीं. भुवनेश्वरी ने साल 2024 में सशस्त्र पुलिसकर्मी सिलंबरसन से लव मैरिज की थी.
दावा किया जा रहा है कि शादी के दिन से ही सिलंबरसन अपनी पत्नी पर शक करता था और उसे पीटता था. घटना वाली रात भी सिलंबरसन ने शराब पी और अपनी पत्नी से झगड़ा किया और फिर सो गया. सुबह उठकर देखा तो पता चला कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.
दहेज के लिए बेटी की हत्या कर दी- परिवार
सूचना मिलने पर एग्मोर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजीव गांधी सरकारी अस्पताल भेज दिया. मृतका के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज उत्पीड़न के कारण पीटा गया और मार डाला गया. शराब की लत से ग्रस्त सिलंबरसन रोजाना भुवनेश्वरी को पीटता था और प्रताड़ित करता था. उन्होंने बताया कि शादी के समय दहेज भी दिया गया था, इसके बावजूद सिलंबरसन लगातार उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था.













