
देश के 2,701 थानों में सीसीटीवी नहीं, 628 में लैंडलाइन फोन और 63 के पास कोई वाहन नहीं
The Wire
गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में बताया कि देशभर में 17,535 पुलिस थाने काम कर रहे हैं, जिनमें से 285 में कोई वायरलेस सेट या मोबाइल फोन नहीं है. वहीं, 628 थानों में लैंडलाइन फोन की सुविधा भी नहीं है.
नई दिल्ली: गृह मंत्रालय (एमएचए) ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 17,535 पुलिस थानों में से 628 में टेलीफोन कनेक्शन नहीं है, 63 बिना किसी वाहन के हैं, 285 में वायरलेस सेट या मोबाइल फोन नहीं है, और 2,701 में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है.
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सदन में कहा कि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने के लिए उचित कदम उठाने की सलाह दी गई है. राय ने कहा, ‘क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) को इस साल 1 मार्च तक देश भर के 16,592 पुलिस थानों में तैनात किया गया है.’
बिना सीसीटीवी कैमरा वाले थानों का विवरण साझा करते हुए राय ने कहा कि 17,535 पुलिस स्टेशनों में से केवल 14,834 में सीसीटीवी कैमरे हैं. उन्होंने बताया, ‘तमिलनाडु में 2,292 पुलिस स्टेशन हैं और 714 में सीसीटीवी कैमरा नहीं हैं; महाराष्ट्र के 1,168 थानों में से 505 में सीसीटीवी नहीं हैं. झारखंड में सीसीटीवी कैमरा के बिना 438 (564 में से) थाने काम कर रहे है, जबकि आंध्र प्रदेश के 1,027 थानों में से 428 में सीसीटीवी कैमरा नहीं है.’
पिछले तीन वर्षों में ‘पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सहायता’ योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा आवंटित और जारी धनराशि की जानकारी देते हुए राय ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया जाने वाला इंसेंटिव, जो 2019-20 तक दिया जा रहा था, वह नए दिशानिर्देशों के मद्देनजर बंद कर दिया गया है. नए दिशानिर्देश कहते हैं कि यदि किसी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की व्यय न हुई राशि उसे आवंटित राशि के 25 प्रतिशत से कम है, तो उसे 25 प्रतिशत किस्त राशि जारी करने की अनुमति होती है.

कैम्पेन अगेंस्ट स्टेट रिप्रेशन (सीएएसआर) ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में दो मज़दूर अधिकार कार्यकर्ताओं, दो विस्थापन-विरोधी कार्यकर्ताओं और छह छात्रों को 'अधिकारियों' ने उठा लिया है और उनका अब तक कोई पता नहीं है. संगठन ने उनके ठिकाने की जानकारी, सुरक्षा की गारंटी और कानूनी सहायता सुनिश्चित करने की मांग की है.

महाराष्ट्र में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने बीपीसीएल और एचपीसीएल से स्वयं सहायता समूहों और केंद्रीय रसोईघरों के लिए सिलेंडरों की प्राथमिक आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि छात्रों के भोजन पर असर न पड़े.

लोकसभा में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के सवाल के जवाब में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि मणिकर्णिका घाट एएसआई के तहत संरक्षित स्मारक नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि घाट पर चल रहा कार्य घाट की गरिमा को बहाल करने के उद्देश्य से किए जा रहे जीर्णोद्धार और संरक्षण परियोजना का हिस्सा है.

देश में एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के बीच गुरुवार को संसद में जारी बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान ज़ोरदार हंगामा देखने को मिला. कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार पर इस मुद्दे पर ग़लत जानकारी देने का आरोप लगाया और इस पर संसद के भीतर विस्तृत चर्चा की मांग की. हालांकि, सरकार का कहना है कि देश के पास पर्याप्त भंडार हैं.

ईरान संघर्ष के बीच कंटेनर जहाजों की कमी के कारण कच्चे माल की कीमतों में करीब 30% की बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते भारत में दवाओं के दाम तेज़ी से बढ़ने की आशंका है. उद्योग से जुड़े लोगों ने कहा कि जहाजों की कमी के कारण चीन से आने वाले एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (एपीआई) की आपूर्ति प्रभावित हुई है. चीन भारतीय दवा निर्माताओं के लिए कच्चे माल का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है.








