
दिल्ली: LPG किल्लत के बीच कुछ दिन के लिए भूल जाएं भटूरों का स्वाद! CP की फेमस दुकान पर लिखा- 'अब केवल...'
ABP News
LPG Shortage: ईरान-इजरायल संघर्ष से भारत में गैस सिलेंडर की कमी हो गई है, जिससे दिल्ली के कनॉट प्लेस जैसे लोकप्रिय फूड हब भी प्रभावित हैं. यहां छोले-भटूरे जैसी पसंदीदा व्यंजन उपलब्ध नहीं हैं.
ईरान-इजरायल युद्ध का असर भारत पर भी पड़ा है. कमर्शियल गैस सिलेंडर न मिलने की वजह से कई राज्यों में 20 फीसदी तक होटल बंद हो गए हैं. बाहर के खाने पर निर्भर करने वाले बैचलर और अन्य लोगों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है. वहीं, फूड बिजनेस पर भी भारी असर पड़ा है. दिल्ली का लोकप्रिय कनॉट प्लेस भी इस मार से अछूता नहीं है.
दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) में फेमस फूड जॉइंट्स को भी इसका नुकसान झेलना पड़ रहा है. केवल बिजनेस ही नहीं, लोग भी अब अपने पसंदीदा स्वाद के लिए कुछ दिन तरसने को मजबूर हैं. दरअसल, सीपी के फेमस छोले-भटूरे की दुकान पर अब आपको भटूरे नहीं केवल चावल मिलेंगे.
मीलों दूर से छोले-भटूरे खाने आते थे लोग, अब नहीं मिलेंगे
छोले-भटूरे की दुकान पर पोस्टर लगाया गया है जिसपर लिखा है, "अब सिर्फ चावल मिलेंगे." यहां की गलियों में दशकों से एक दुकान है जो छोले-भटूरे के लिए मशहूर है. लोग मीलों दूर से यहां केवल छोले के चटकारे लेने आया करते हैं, लेकिन अब उस दुकान के बाहर एक पोस्टर चिपका दिया गया है कि वहां पर चावल के अलावा कुछ नहीं मिल पाएगा.













