
दिल्ली: उत्तम नगर हत्या मामले में आरोपी के घर पर चलेगा बुलडोजर, MCD का सख्त एक्शन
ABP News
Uttam Nagar News In Hindi: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन युवक तरुण की पीट-पीटकर हत्या के मामले में प्रशासन ने आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया, जबकि पुलिस ने एक नाबालिग समेत सात आरोपियों को पकड़ लिया है.
राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीम ने आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर बुलडोजर लेकर पहुंच गई है. वहीं आरोपी के घर को तोड़ने का काम भी शुरू कर दिया गया है. इस मामले में पुलिस अब तक एक नाबालिग समेत 7 आरोपियों को पकड़ चुकी है और आगे की जांच जारी है.
उत्तम नगर में युवक की हत्या के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. 8 मार्च को दिल्ली नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी प्रॉपर्टी पर कार्रवाई शुरू कर दी. अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान इस संपत्ति में अवैध निर्माण पाए जाने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई.
इलाके में हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना होली के दिन पानी का गुब्बारा फेंकने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई. जानकारी के अनुसार एक लड़की ने कथित तौर पर दूसरे समुदाय की एक महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.













