
'तेल की सप्लाई रुकी तो तबाही तय', ट्रंप की ईरान को खुली धमकी, बोले- 20 गुना बड़ा अटैक करेंगे
ABP News
Donald Trump warning to Iran: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है.
Donald Trump warning to Iran: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को तेल की सप्लाई रोकने के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान होरमुज जलडमरूमध्य में तेल की सप्लाई रोकने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण अमेरिका और दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं.
दरअसल, ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में होरमुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को रोक दिया है. इसके चलते कच्चे तेल की सप्लाई पर असर पड़ा है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें बढ़ने लगी हैं.
“तेल का रास्ता रोका तो बीस गुना बड़ा हमला”
डोनाल्ड ट्रंप ने तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अपने सामाजिक मंच पर सख्त चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर ईरान ऐसा कोई कदम उठाता है जिससे होरमुज जलडमरूमध्य में तेल की आवाजाही रुकती है तो अमेरिका इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा. ट्रंप ने कहा कि अगर वहां रुकावट डाली गई तो अमेरिका अब तक हुए हमलों से बीस गुना बड़ा हमला ईरान पर करेगा.













