
'डोनाल्ड ट्रंप तानाशाह, मोदी उनके गुलाम', रूसी तेल खरीद में छूट पर भड़के मल्लिकार्जुन खरगे
ABP News
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर ईरान से चल रहे संघर्ष के बीच भारत की स्ट्रेटेजिक ऑटोनॉमी को वॉशिंगटन के सामने सरेंडर करने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष पर भारत के रुख और रूस की तरफ से होने वाली तेल सप्लाई पर अमेरिका के फैसले पर पीएम मोदी ने तीखा हमला किया है. उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तानाशाह करार दिया है. साथ ही पीएम मोदी को उनके गुलाम की तरह काम करने का आरोप लगाया है.
खरगे कर्नाटक के चित्तपुर में 1069 करोड़ रुपए के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स को लॉन्च करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर ईरान से चल रहे संघर्ष के बीच भारत की स्ट्रेटेजिक ऑटोनॉमी को वॉशिंगटन के सामने सरेंडर करने का आरोप लगाया है.
ट्रंप तानाशाह हैं और मोदी उनके गुलाम: खरगे
खरगे ने कहा कि ट्रंप एक तानाशाह हैं. मोदी उनके गुलाम हैं. इस दौरान उन्होंने अमेरिका की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि उसने भारतीय रिफाइनरियों को पहले से ही ट्रांजिट में मौजूद रूसी तेल खरीदने की अनुमति देते हुए 30 दिन की छूट दी थी. इस कदम से पता चलता है कि भारत एक स्वतंत्र विदेश नीति का पालन करने की बजाय अमेरिकी दबाव में काम कर रहा है. क्या आप यह हुक्म मानेंगे? कांग्रेस पार्टी ने देश को अंग्रेजों से आजादी दिलाई. क्या आप देश को गुलाम बनाने के लिए सत्ता में आए थे?













