
ट्रेड डील के बीच नक्शा कांड, अमेरिका ने बदला स्टैंड, POK और अक्साई चीन वाला पोस्ट किया डिलीट
ABP News
India US Trade Deal: अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ऑफिस ने वह नक्शा हटा दिया है जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया गया था.
India US Trade Deal: एक बड़ा यू-टर्न लेते हुए अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) के दफ्तर ने भारत का वह नक्शा हटा दिया है, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन को भारत की सीमा के भीतर दिखाया गया था. यह नक्शा कई लोगों के लिए चौंकाने वाला था, क्योंकि इससे पहले वॉशिंगटन डीसी के नक्शों में पीओके को अलग दिखाया जाता रहा है, ताकि पाकिस्तान की आपत्तियों का ख्याल रखा जा सके.
यह नक्शा पिछले हफ्ते तब पोस्ट किया गया था, जब अमेरिका ने भारत के साथ ट्रेड डील की घोषणा की थी. इस नक्शे में पीओके और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया गया था. इसके बाद काफी चर्चा होने लगी कि यह गलती थी या फिर भारत-अमेरिका रिश्तों में नए दौर की ओर इशारा. आखिरकार बहस पर विराम लगाते हुए अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव के दफ्तर ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट से वह पोस्ट पूरी तरह हटा दी.
पीओके को दिखाता था अलग
इससे पहले अमेरिकी सरकार के नक्शों में आमतौर पर पीओके को अलग दिखाया जाता था, जो पाकिस्तान के दावे को दर्शाता था. लेकिन जो नक्शा अब हटा दिया गया है, उसमें ऐसी कोई अलग लाइन नहीं थी और सभी विवादित इलाके भारत की सीमा के भीतर दिखाए गए थे.













