
'खून से रंग देंगे फारस की खाड़ी...', ईरान ने अमेरिका-इजरायल को दी खुली धमकी, मिडिल ईस्ट में भारी बवाल
ABP News
ईरान ने अमेरिका और इजरायल को उसके किसी भी द्वीप पर कब्जा करने को लेकर चेताया है. यह बयान ईरान के शक्तिशाली लोगों में शामिल और संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर गलीबाफ ने दिया है.
ईरान ने गुरुवार को धमकी भरे लहजे में अमेरिका और इजरायल को चेताया है. ईरान ने चेतावनी देते हुए कहा है कि खाड़ी में ईरान के किसी भी द्वीप पर अमेरिका और इजरायल ने हमला किया तो वो अपना सब्र खो देगा. ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर गलीबाफ ने बयान जारी करते हुए धमकी दी है कि अगर ऐसी किसी भी तरह की हिम्मत की गई तो ईरान फारस की खाड़ी को हमला करने वालों के खून से लाल कर देगा.
गलीबाफ की धमकी से बिगड़ सकते हैं मिडिल ईस्ट के हालात
गलीबाफ इस समय ईरान के सबसे शक्तिशाली लोगों में से एक हैं. उनकी धमकी मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के हालात को और बिगाड़ सकती है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इजरायल और अमेरिका को धमकी दी है. उन्होंने कहा है कि वतन या मौत! ईरान के द्वीपों पर किसी भी तरह का हमला हुआ, तो सब्र टूट जाएगा. हम सब्र छोड़ देंगे और फारस की खाड़ी को हमलावरों के खून से रंग देंगे.
इस ट्वीट में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी चेताया है. उन्होंने कहा है कि अमेरिकी सैनिकों का खून डोनाल्ड ट्रंप की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी.













