
खामेनेई का बेटा नहीं तो कौन होगा ईरान का अगला 'सुप्रीम लीडर'? भारत में ईरानी दूत ने बताया
AajTak
ईरान के सबसे ताकतवर पद 'सुप्रीम लीडर' की कुर्सी पर कौन बैठेगा? अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पूरी दुनिया की नजरें इसी एक सवाल पर टिकी हैं. क्या खामेनेई के बेटे मोजतबा को वाकई कमान मिल चुकी है? भारत में मौजूद ईरान के टॉप अधिकारी ने इन खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए एक बड़ा खुलासा किया है.
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अब उनकी जगह कौन लेगा, इसे लेकर पूरी दुनिया में चर्चा तेज है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि उनके बेटे को नया सुप्रीम लीडर चुन लिया गया है, लेकिन भारत में मौजूद ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि नए नेता को चुनने की प्रक्रिया अभी चल रही है और फिलहाल किसी के नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है.
अभी नहीं चुना गया नया सर्वोच्च नेता
भारत में ईरान के प्रतिनिधि अयातुल्ला डॉ. अब्दुल मजीद हकीमेलाही ने गुरुवार को साफ किया कि ईरान ने अभी तक अपने नए सर्वोच्च नेता का चुनाव नहीं किया है. उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले में मारे गए खामेनेई के वारिस को चुनने का काम जारी है. उनके मुताबिक, अभी तक किसी भी व्यक्ति को इस पद के लिए न तो चुना गया है और न ही आधिकारिक तौर पर नामांकित किया गया है.
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध में टॉरपीडो की एंट्री... जिसे US ने आखिरी बार दूसरे विश्व युद्ध में चलाया था!
बेटे मोजतबा के नाम पर क्या है सच्चाई?
हाल ही में खबरें आई थीं कि खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को नया उत्तराधिकारी बना दिया गया है. इस पर हकीमेलाही ने कहा कि ये खबरें गलत हैं. उन्होंने बताया कि मोजतबा रेस में जरूर शामिल हैं, लेकिन सिर्फ इसलिए नहीं कि वह खामेनेई के बेटे हैं. उनकी अपनी योग्यता भी देखी जा रही है. उनके अलावा और भी कई उम्मीदवार हैं और अभी सही व्यक्ति की तलाश जारी है.

ईरान ने अयातुल्ला अली खामेनेई को सुपुर्दे खाक करने और शोक समारोह को अचानक अगले आदेश तक टाल दिया है. तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में तैयारियां जारी हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों और इजरायल की कड़ी चेतावनी के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि ईरानी शासन द्वारा चुना गया कोई भी नया नेता, जो इजरायल के खिलाफ नीति अपनाएगा, उसे निशाना बनाया जा सकता है.

मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी लड़ाई गुरुवार को छठे दिन में पहुंच गई है. दोनों पक्षों के लगातार हमलों के कारण इस क्षेत्र में संकट और बढ़ता दिखाई दे रहा है और हालात अभी भी शांत होने के कोई संकेत नहीं दिखा रहे हैं। इस बीच दुबई में फंसी एक्ट्रेस लारा दत्ता ने एक वीडियो शेयर किया है. देखिए.











