
'कयामत तक बाबरी के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा', बाराबंकी में बोले CM योगी
ABP News
Yogi Adityanath News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में एक जनसभा के दौरान लोगों को संबोधित किया. इस बीच सीएम ने कहा कि कयामत के दिन तक बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा.
बाराबंकी में यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ ने कहा कि कयामत के दिन तक बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा. उन्होंने कहा कि हम लोगों ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे. मंदिर वहीं पर बन गया. आज फिर हम कह रहे हैं कि कयामत के दिन तक भी बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण होना ही नहीं है. जो कयामत के दिन के आने का सपना देख रहे हैं, वो दिन आना ही नहीं है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सरकार जो बोलती है कर के दिखाती है और जितना करती है उतना ही बोलती है. हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे इसमें कोई संदेह है??
सीएम योगी ने आगे कहा, "जो कयामत का दिन आने का सपना देख रहे हैं. ऐसे ही सड़ गल जाएंगे. कभी वह दिन आने वाला नही है." सीएम ने कहा, "उनके सपने को हम ऐसे ही अपने विरासत को सम्मान देते हुए भारत की और सनातन धर्म की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे."
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 नवंबर को अयोध्या धाम में आकर सनातन के प्रतीक श्री राम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था. ये केसरिया ध्वज हमेशा ही भारत के इस गौरव को आगे बढ़ाता रहेगा.
बाराबंकी के कार्यक्रम में राज्य के मंत्री, बीजेपी कार्यकर्ता और संत समाज के लोग भारी संख्या में पहुंचे. इस दौरान सीएम ने बीजेपी सरकार की उपलब्धिया भी गिनाईं हैं. सीएम ने कहा कि प्रदेश के 16 करोड़ परिवारों को हर साल पेंशन दी जा रही है.













