
एपस्टीन को लेकर कांग्रेस ने हरदीप पुरी को घेरा तो BJP ने कपिल सिब्बल पर लगाया ये आरोप, राहुल गांधी से मांगा जवाब
ABP News
BJP on Rahul Gandhi: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कपिल सिब्बल को यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की ओर से वित्त पोषित एक पुरस्कार 2010 में अमेरिका में दिया गया था.
अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस (DOJ) की ओर से घोषित यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े विवादित फाइलों में नाम सामने आने को लेकर भारत में राजनीतिक हलचल मची हुई है. एपस्टीन फाइलों में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने के बाद जहां संसद में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस उनसे इस्तीफे की मांग कर रही है. वहीं, अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार (14 फरवरी, 2026) को इसी मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल पर आरोप लगाते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से जवाब मांगा है.
भाजपा ने कपिल सिब्बल को लेकर राहुल गांधी से मांगा जवाब
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आरोप लगाया कि साल 2010 में अमेरिका में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के पूर्व नेता कपिल सिब्बल को यौन अपराधों के दोषी जेफ्री एपस्टीन की ओर से वित्त पोषित एक पुरस्कार मिला था. भाजपा ने कपिल सिब्बल को मिले पुरस्कार के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जवाब की मांग की है.
वहीं, जब इन आरोपों को लेकर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल से सवाल किया गया, तो उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के इस दावे को बकवास करार देते हुए इसे सिरे से खारिज कर दिया.













