
'एअर इंडिया ने कैंसिल किया PM मोदी का टिकट, मणिपुर जाने के लिए कांग्रेस ने किया था बुक', पवन खेड़ा का दावा
ABP News
Pawan Khera on PM Modi:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे पर जाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि मणिपुर वहां से दूर नहीं है, आप भी जाइए. इसके अलावा, कांग्रेस ने पीएम मोदी के नाम पर गुवाहाटी (असम) से इम्फाल (मणिपुर) तक की एअर इंडिया की फ्लाइट टिकट बुक कराकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर भी किया, लेकिन एअर इंडिया एयरलाइंस ने अब पीएम मोदी के नाम पर बुक टिकट को कैंसिल कर दिया है.
कांग्रेस पार्टी के मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने दावा किया कि एअर इंडिया ने पीएम मोदी के नाम पर बुक मणिपुर की टिकट को कैंसिल कर दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक और पोस्ट शेयर कर कहा, ‘एअर इंडिया एयरलाइन तक को यह बात पता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर के दौरे पर नहीं जाएंगे. इसलिए, मणिपुर के लोगों के लिए मैंने बिल्कुल नेक इरादे के साथ पीएम मोदी की जो मणिपुर की टिकट बुक की थी, उसे बिना मेरी जानकारी के चुपचाप कैंसिल कर दिया गया.













