
अमेरिका- ईरान की जंग का खामियाजा भुगत रहा भारत! कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई ठप, दिल्ली-मुंबई, बेंगलुरु समेत देश की ग्राउंड रिपोर्ट
ABP News
ईरान इजरायल जंग के चलते दुनिया भर के देश तेल और गैस संकट से जूझ रहे हैं. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ समेत कई शहरों में गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है.
पूरी दुनिया इस समय ईरान अमेरिका इजरायल के युद्ध का हर्जाना भुगत रही है. कई जगह इसका व्यापक असर भी दिखने लगा है. भारत में सरकार कह रही है कि पेट्रोलियम और गैस के हालात ठीक हैं, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर न मिलने और घरेलू सिलेंडर पर 25 दिन की अनिवार्यता करने की वजह से जनता काफी परेशान है. इसका साइड इफेक्ट कहें या अफवाह, लेकिन गैस सिलेंडर गोदाम के बाहर लोगों की लंबी कतार नजर आने लगी हैं.
बेंगलुरु में संकट गहरायाकर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कमर्शियल गैस सिलेंडर का संकट है. शहर की फूड इंडस्ट्री के अलावा रोजमर्रा बाहर खाने वालों को भी बड़ा झटका लगा है. बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने घोषणा की है कि कल से पूरे शहर में होटल बंद रखे जाएंगे. आज कुछ जगह पर होटल खुले हैं, क्योंकि इस वक्त सिलेंडर स्टॉक है, जैसे ही स्टॉक खत्म होगा तब होटल गैस सप्लाई न होने पर बंद किए जाएंगे.
मुंबई में 20 फीसदी होटल बंदसिलेंडर की कमी के चलते देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 20 फीसदी होटल बंद हो गए हैं. कई बड़े होटलों के पास भी कुछ ही घंटे की सप्लाई बची है. होटल संचालकों का कहना है कि अगर अगले 3 दिन तक गैस की कमी जारी रही तो मुंबई के 50 फीसदी होटल बंद होने की संभावना है. मुंबई के डोंगरी इलाके में सब होटलों के शटर बंद हैं.
देश की राजधानी का भी बुरा हालदिल्ली की Indane गैस एजेंसी में खाली कमर्शियल सिलेंडर गोदाम में पड़े हैं. पिछले दो दिनों से कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं आई है. इंचार्ज और मैनेजर का कहना है कि ऊपर से कहा गया है कि अभी कमर्शियल सिलेंडर नहीं आएगा. सिर्फ डोमेस्टिक बुकिंग की सप्लाई रहेगी. होटल वाले हमारे पास आ रहे हैं, लेकिन हमारे पास सिलेंडर ही नहीं है. मैनेजर का कहना है कि हर रोज 60 से 70 कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति हम करते थे, लेकिन 2 दिन से माल ही नहीं है. यहां खाली कमर्शियल सिलेंडर पड़े हुए हैं. जब भरा हुआ आएगा ही नहीं तो खाली यहीं पड़ा रहेगा.













