
WhatsApp Web बार-बार हो रहा है लॉगआउट? घबराएं नहीं, गलती आपकी नहीं, ये हो सकती है वजह
ABP News
Whatsapp Web: अगर हाल के दिनों में आपका WhatsApp Web हर कुछ घंटों में खुद-ब-खुद लॉगआउट हो रहा है तो यह सिर्फ तकनीकी गड़बड़ी नहीं हो सकती.
Whatsapp Web: अगर हाल के दिनों में आपका WhatsApp Web हर कुछ घंटों में खुद-ब-खुद लॉगआउट हो रहा है तो यह सिर्फ तकनीकी गड़बड़ी नहीं हो सकती. कई यूजर्स को ऐसा अनुभव हो रहा है और इसके पीछे एक नया नियम जिम्मेदार बताया जा रहा है. 1 मार्च 2026 से भारत में एक नई व्यवस्था लागू हुई है जिसके तहत WhatsApp अकाउंट को अब आपके फोन में मौजूद फिजिकल सिम से लगातार जुड़ा रहना जरूरी हो गया है.
आमतौर पर WhatsApp का सिस्टम एक बार वेरिफिकेशन मॉडल पर काम करता है. आप अपना मोबाइल नंबर डालते हैं ओटीपी से सत्यापन करते हैं और उसके बाद ऐप को अलग-अलग डिवाइस पर इस्तेमाल कर सकते हैं. सिम निकाल लेने के बाद भी Web या डेस्कटॉप वर्जन चलता रहता था.
लेकिन अब Department of Telecommunications द्वारा लागू नियम के तहत अकाउंट समय-समय पर यह जांच सकता है कि रजिस्टर्ड सिम आपके मुख्य फोन में मौजूद है या नहीं. अगर सिम हटाई गई बदली गई या बंद पाई गई तो अकाउंट अस्थायी रूप से काम करना बंद कर सकता है. बताया जा रहा है कि यह जांच कुछ घंटों के अंतराल पर हो सकती है.
सरकार का कहना है कि यह कदम साइबर अपराध और फर्जी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, कई ठग भारतीय नंबर से एक बार अकाउंट बनाकर बाद में उसे कहीं और से संचालित करते थे जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था.













