
UP Board Exam: 18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं, सुरक्षा और व्यवस्था पर खास जोर
ABP News
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी, जिसमें 52 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे.
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने साल 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तारीख घोषित कर दी है. इस बार परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी. प्रदेश भर के लाखों छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होंगे. बोर्ड ने साफ किया है कि इस बार परीक्षा व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत और पारदर्शी बनाया जाएगा.
यूपी बोर्ड की 2026 की परीक्षा में कुल 52 लाख 30 हजार 297 छात्र पंजीकृत हैं. इनमें हाईस्कूल के 27 लाख 50 हजार 945 छात्र और इंटरमीडिएट के 24 लाख 79 हजार 352 छात्र शामिल हैं. इतने बड़े स्तर पर परीक्षा कराने के लिए बोर्ड ने कई जरूरी कदम उठाए हैं.
8033 परीक्षा केंद्रों पर होंगी परीक्षाएं
इस बार पूरे प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी. केंद्र व्यवस्थापकों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो. स्थानीय प्रशासन को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं.













