
UP में 4 लेन के हाईवे को मंजूरी, इन जिलों से गुजरेगा रूट, 6969.04 करोड़ होंगे खर्च
ABP News
UP News: बाराबंकी से बहराइच तक चार लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड राष्ट्रीय राजमार्ग-927 बनाया जाएगा, जो लखनऊ-रूपईडीहा कॉरिडोर का हिस्सा होगा.
उत्तर प्रदेश में बाराबंकी से बहराइच तक 101.515 किलोमीटर लंबे चार लेन के प्रवेश और निकास नियंत्रित राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के निर्माण को मंजूरी मिली है. इस परियोजना का निर्माण पीपीपी मोड के तहत किया जाएगा. केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने 6969.04 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के निर्माण का फैसला किया है.
राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के बाराबंकी-बहराइच हिस्से के सुधार से बाराबंकी और बहराइच के शहरी इलाकों में सड़क की बड़ी खामियों, तीखे मोड़ों और ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी. सेवा सड़कों के साथ नियंत्रित प्रवेश वाले चार लेन राजमार्ग के रूप में तैयार होने वाली यह परियोजना रिहायशी इलाकों को बाईपास का विकल्प देगी, जिससे वाहनों की औसत रफ्तार बढ़ेगी और यात्रा समय में करीब एक घंटे की कमी आएगी. इससे सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, ईंधन की बचत होगी और वाहनों के संचालन का खर्च भी कम होगा. साथ ही इलाके में आवाजाही आसान होगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.
यह परियोजना उत्तर प्रदेश के कई अहम आर्थिक, सामाजिक और परिवहन केंद्रों को बेहतर तरीके से जोड़ेगी. यह कॉरिडोर तीन आर्थिक केंद्रों, दो सामाजिक केंद्रों और 12 परिवहन केंद्रों से जुड़ेगा, जिससे अलग-अलग परिवहन साधनों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा. इससे रूपईडीहा लैंड पोर्ट और हवाई अड्डों तक पहुंच आसान होगी और पूरे क्षेत्र में माल और यात्रियों की आवाजाही तेज होगी.
परियोजना पूरी होने के बाद नेपालगंज सीमा के जरिए भारत और नेपाल के बीच व्यापार और आवाजाही के लिए एक अहम रास्ता मजबूत होगा, जिससे रूपईडीहा लैंड पोर्ट तक पहुंच में बड़ा सुधार होगा. यह सड़क बहराइच और श्रावस्ती जैसे दूरदराज के जिलों को भी जोड़ेगी और प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के आर्थिक और लॉजिस्टिक केंद्रों से संपर्क देगी. इससे कृषि व्यापार, पर्यटन, सीमा पार कारोबार और क्षेत्रीय निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.













