
Himachal News: बजट सत्र में जयराम ठाकुर के हमले पर CM सुक्खू का पलटवार - बीजेपी में आंतरिक गुटबाजी
ABP News
Himachal News In Hindi: हिमाचल विधानसभा में विपक्ष ने सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाए, जिस पर CM सुक्खू ने पलटवार करते हुए भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाया.
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के बहाने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. इस पर CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन के बाहर पलटवार किया और कहा कि भाजपा की आंतरिक गुटबाजी के चलते नेता प्रतिपक्ष तनाव में हैं और केवल सरकार का विरोध जताने के लिए गलत तथ्य पेश कर रहे हैं.
CM सुक्खू ने कहा कि प्रकृति खेती योजना के तहत इस वर्ष फसलों की खरीद शुरू की गई है जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है. स्वास्थ्य योजनाओं पर तुलना करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने हिमकेयर में 1000 करोड़ और सहारा योजना में 202 करोड़ रुपये खर्च किए जबकि पूर्व सरकार ने हिमकेयर में केवल 202 करोड़ खर्च किए.
आर्थिक मुद्दों पर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार को 70,000 करोड़ रुपये RDG और GST मुआवजे के रूप में मिले जबकि वर्तमान सरकार को केवल 17,000 करोड़ मिले हैं. उन्होंने पूर्व सरकार पर 1000 करोड़ रुपये की लागत से अनुपयोगी भवन बनाने और ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के आरोप भी लगाए.
विपक्ष के राजनीतिक दृष्टि से मुकदमे दर्ज करने के आरोपों पर CM सुक्खू ने स्पष्ट किया कि यदि किसी की आय 10 लाख है और कमाई एक करोड़ दिखाई जाती है तो उसके स्रोत की जांच जरूरी है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जा रही है और सदन में केवल आश्वासन देने की बजाय जमीन पर काम हो रहा है.

'कांग्रेस में आत्मसम्मान वाले व्यक्तियों के लिए कोई जगह नहीं है', बोले असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि अगले दो सालों के अंदर देबब्रता सैकिया और रिपुन बोरा जैसे नेता भी भाजपा में शामिल हो जाएंगे. कांग्रेस के कई सक्षम नेता हमारे साथ आएंगे.












