
The 50 show: मैक्सटर्न ने किया एल्विश यादव पर 'वार', यूट्यूबर के दोस्त संग हुई हाथापाई
AajTak
यूट्यूबर मैक्सटर्न ने 'द 50' शो में एक नया पंगा मोल लिया है. उन्होंने यूट्यूबर एल्विश यादव पर शब्दों के वार किए और साथ ही अपने पुराने विवाद पर बात की. मैक्सटर्न की बातें सुनकर एल्विश के दोस्त अर्चित और लवकेश उनसे भिड़ने पहुंच गए.
कलर्स टीवी के नए शो 'द 50' में हर रोज एक नया बवाल खड़ा हो रहा है. 50 सेलेब्स एक ही सेटअप में रहकर तूफान मचा रहे हैं. यूट्यूबर मैक्सटर्न ने अब अपने पुराने जख्मों को एक बार फिर से ताजा किया है. उन्होंने एल्विश यादव संग अपनी लड़ाई पर दोबारा बात की, जिससे घर में बड़ा बखेड़ा खड़ा हुआ.
मैक्सटर्न का एल्विश को लेकर तीखा बयान
'द 50' के पिछले एपिसोड में एक टास्क खेला गया, जिसमें प्लेयर्स को पहेलियां सुलझानी थी. इसमें मैक्सटर्न को सबसे आखिर में बुलाया गया, जिसके खत्म होने के बाद उन्होंने एक बात कैमरा पर कही जिससे हर कोई हैरान रह गया. उन्होंने एल्विश यादव और उनके दोस्तों का नाम लेते हुए कहा, 'फॉर द सेक ऑफ एनिमल किंगडम...अंदर है...गैंग और यहां पर है एक सांप. मैं नहीं चाहता कि...गैंग सांप का जहर निकाले और अपने मालिक को पिलाए.'
'फिर उसका मालिक बाहर जाकर चार-पांच रियलिटी शो में बकैती कि उसने मैक्सटर्न के थप्पड़ मारकर फॉलोअर्स बढ़ाए. वो घोड़ा मेरे क्या फॉलोअर्स बढ़ाएगा, उसके खुद के दोस्तों के 1 मिलियन फॉलोअर्स नहीं हैं. दूसरी बात, वो ये नहीं बताता कि वो कैसे मम्मी वाला विक्टिम कार्ड खेलता है. जब भी उसपर बात आती है, दूसरों के खिलाफ नेगेटिव पीआर चलवाता है. उसकी इतनी भी औकात नहीं कि किसी से अकेले में भिड़ सके. जिस दिन सामने आएगा, मुझसे चांटा खाकर जाएगा, ये बात लिखकर रखे.'
एल्विश के दोस्तों संग भिड़े मैक्सटर्न
मैक्सटर्न ने आगे एल्विश और उनके दोस्तों के लिए कहा, 'दूसरी बात, जिनको भी लगता है कि वो है रील गैंगस्टर, वो हैं घोड़े, अनपढ़ और गंवार. ये मैसेज जाए उस ...गैंग के मालिक के पास कि वो खुद को ना समझे समझदार, क्योंकि वो है इस इंडिया का सबसे बड़ा गंवार.' यूट्यूबर की इन बातों से वहां मौजूद हर कंटेस्टेंट तालियां बजाने लगा. वो हैरान रह गए कि मैक्सटर्न ने एल्विश के लिए नेशनल टीवी पर ऐसी बातें कहीं.













