
Sambhal News: 'यह फैसला धार्मिक स्वतंत्रता...', मस्जिद मामले में HC के फैसले पर बोले सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क
ABP News
Sambhal News in Hindi: जियाउर्रहमान बर्क ने इलाहबाद हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मस्जिद में नमाज पर पाबंदी धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ है. इसके साथ ही सरकार और अधिकारियों की आलोचना की.
संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इलाहबाद हाईकोर्ट द्वारा गोसिया मस्जिद मामले में प्रशासन को लगाई गई फटकार का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि अदालत का यह फैसला धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार को मजबूत करता है और देश में सभी समुदायों को अपने धर्म के अनुसार पूजा-अर्चना करने की आजादी है.
सांसद का कहना है कि मस्जिद में नमाज पढ़ने वालों की संख्या तय करना या उस पर पाबंदी लगाना पूरी तरह गलत है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह तय करना कि मस्जिद में 5 लोग नमाज पढ़ें या 50 पढ़ें, प्रशासन का काम नहीं है. ऐसे आदेश धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ हैं. जियाउर्रहमान बर्क ने उम्मीद जताई कि आगे भी अदालत इसी तरह संविधान और लोगों के अधिकारों की रक्षा करने वाले फैसले देती रहेगी.
समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि मैं हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं. उम्मीद है आगे अधिकारियों को इस से कुछ सीख मिलेगी. उन्होंने संभल के सीओ कुलदीप सिंह के द्वारा कोतवाली में पीस पार्टी की मीटिंग में नमाजियों को धमकाने वाले बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी अधिकारी की ये हैसियत नहीं है कि वह किसी के धर्म को अपमानित करें. उनका बयान संविधान विरोधी है उन पर सरकार को कोई कार्रवाई करनी चाहिए.
उन्होंने गैस की किल्लत पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा और कहा कि सरकार की कथनी और करनी में फर्क है. उन्होंने कहा कि सरकार को गैस की किल्लत को दूर करना चाहिए. बर्क ने सवाल किया कि हमारे प्रधानमंत्री को इजरायल जाने की क्या जरूरत थी. जब वहां किसी अन्य देश का प्रधानमंत्री नहीं जा रहा तो भारत के प्रधानमंत्री को इसकी क्या जरूरत पड़ गयी थी. इजरायल बेगुनाहों का कातिल है ऐसे देश से भारत को दूरी बनानी चाहिए और ईरान जो हमारा पुराना सहयोगी रहा है उस से रिश्ते सुधारने चाहिए. अमेरिका और इजरायल फिलिस्तीन और ईरान सहित दुनिया भर में ज़ुल्म ज्यादती कर रहे हैं और हम इनकी इस गुंडागर्दी की कड़ी निंदा करते हैं.













