
Mahoba News: महोबा में दरोगा भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन शांतिपूर्ण, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
ABP News
Mahoba News in Hindi: महोबा में यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा रही. जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने केंद्रों का निरीक्षण किया.
महोबा में यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे. जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने खुद केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा. पांच केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में प्रशासन की मुस्तैदी और छात्रों का उत्साह देखते ही बना. परीक्षार्थियों ने बेहतर प्रबंधन और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए प्रशासन की सराहना की है.
महोबा जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2025 के दूसरे दिन का नजारा बेहद अनुशासित और चाक-चौबंद नजर आया. जनपद के सभी 5 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही हलचल तेज रही. सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए खुद जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह मैदान में उतरे.
एएसपी वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने राजकीय वीरभूमि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डीएवी इंटर कॉलेज और जीजीआईसी जैसे प्रमुख केंद्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वहीं दूसरे दिन की प्रथम पाली के बाद एडीएम, एएसपी और सीओ ने भी केंद्रों का जायजा लिया और ड्यूटी पॉइंट्स को ब्रीफ किया. प्रशासनिक सख्ती के बीच परीक्षार्थियों के चेहरे पर एक अलग ही उत्साह देखने को मिला.
प्रतापगढ़ से आए प्रवीण पटेल ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से मेहनत कर रहे थे और इस बार की व्यवस्थाएं पिछली सिपाही भर्ती की तुलना में कहीं अधिक बेहतर और सुरक्षित हैं. वहीं, परीक्षार्थी राखी पांडे ने प्रशासन के मैनेजमेंट की तारीफ करते हुए कहा कि चेकिंग की प्रक्रिया बहुत व्यवस्थित थी और पेपर का स्तर भी उम्मीद के मुताबिक अच्छा रहा.













