
Jodhpur News: सेंट्रल जेल में इफ्तार की फोटो वायरल, जांच में 13 मोबाइल फोन बरामद, सुरक्षा पर उठे सवाल
ABP News
Jodhpur News In Hindi: यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब जेल में इफ्तार पार्टी के दौरान खींची गई कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. इस घटना के बाद से जेल प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है.
राजस्थान की जोधपुर स्थित सेंट्रल जेल सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है. जोधपुर जेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल परिसर से 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब जेल में इफ्तार पार्टी के दौरान खींची गई कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. इस घटना के बाद से जेल प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है.
जेल के अंदर मोबाइल पहुंचने की घटना ने जेल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल अभी तक इस मामले में किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया है. लेकिन जल्द ही जांच कर कार्रवाई की बात कही जा रही है.
जानकारी के अनुसार मुख्यालय के निर्देश पर जेल में अलग-अलग बैरक बनाकर रोजा इफ्तार करवाया जा रहा था. इसी दौरान कुछ बंदियों ने मोबाइल से इफ्तार पार्टी की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी. जैसे ही यह फोटो जेल प्रशासन तक पहुंची, तुरंत कार्रवाई करते हुए बंदियों से कड़ी पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए. इस कार्रवाई के दौरान इफ्तार पार्टी में मौजूद कुछ बंदियों ने जमकर हंगामा किया और जेल प्रशासन की कार्रवाई का विरोध भी किया.
जेल प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वायरल फोटो में दिखाई दे रहे सभी बंदियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बरामद मोबाइल फोन को साइबर एक्सपर्ट से जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि जेल के अंदर से बाहर किन-किन लोगों से संपर्क किया जा रहा था.













