
CM मोहन ने नेपानगर के लिए खोला सौगातों का पिटारा, 363 करोड़ से बदलेगी सूरत, PM मोदी की तारीफ की
ABP News
सीएम मोहन ने नेपानगर में ₹363 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया. उन्होंने नेपानगर कॉलेज में कृषि विषय शुरू करने, धूलकोट स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने जैसी कई घोषणाएं कीं.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 15 मार्च को एक तरफ बुरहानपुर जिले के नेपानगर के लिए सौगातों का पिटारा खोला.उन्होंने नेपानगर की तकदीर बदलने के लिए कई घोषणाएं कीं. इन घोषणाओं से गरीब-युवा-अन्नदाता-नारी शक्ति का कल्याण होगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है. उन्होंने विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में जनता मौजूद थी.
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर जिले के नेपानगर में आयोजित "जनजातीय सम्मेलन" में सहभागिता कर ₹363 करोड़ से अधिक की लागत के 127 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया. उन्होंने कहा कि नेपानगर अदभुद नगरी है. इसने जब-जब बीजेपी को विजय दिलाई, तब-तब उसे सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सका. नेपानगर प्रकृति की गोद में बसा है. यहां चारों तरफ हरियाली है. यहां प्राकृति संपदा, भू संपदा, जल संपदा, मानव संपदा है. यहां के लोग भोले हैं. उनकी मुस्कान बता देती है कि नेपानगर आ गया है.
बुरहानपुर ने खेत से लेकर कारखाने तक अलग पहचान बनाई- सीएम
उन्होंने कहा कि बुरहानपुर एकमात्र ऐसी जगह है, जिसके कृषि क्षेत्र से लेकर कृषि उपकरण तक, खेत से लेकर कारखाने तक ने अपनी अलग पहचान बनाई है. यहां का अतीत भी गौरवशाली है. इसका इतिहास महाभारत कालीन है. महाभारत काल के बाद हमारे प्रथम गुरु गुरु नानक देव का इतिहास इसी जिले से जुड़ता है. महाराज शिवाजी ने भी अपनी शूर-वीरता, बहादुरी, बुद्धिमत्ता से इस क्षेत्र की अलग पहचान बनाई. यह दक्षिण का द्वार दक्षिण की काशी के बराबर है. यहां मां इच्छा देवी, मां मोती माता की कृपा से सारी मनोकानाएं पूर्ण होती हैं.













