
क्या होर्मुज में युद्धपोत भेजेंगे चीन और ब्रिटेन? ईरान के खिलाफ ट्रंप की अपील पर आया जवाब
ABP News
Donald Trump On Strait of Hormuz: डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज की सुरक्षा के लिए अमेरिका समेत अन्य देशों से युद्धपोत भेजने की अपील की. चीन और ब्रिटेन ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में युद्धपोत भेजने की तैयारी कर रहा है. उन्होंने अन्य देशों से भी अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते की सुरक्षा के लिए अपने जहाज भेजें. स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दुनिया में तेल की सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है. हाल के तनाव के कारण इस क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. ट्रंप की इस अपील के बाद चीन और ब्रिटेन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. हालांकि दोनों देशों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे इस क्षेत्र में अपने युद्धपोत भेजेंगे या नहीं.
अमेरिका में मौजूद चीनी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि चीन चाहता है कि दुश्मनी तुरंत खत्म हो और सभी पक्ष स्थिर और बिना रुकावट ऊर्जा सप्लाई सुनिश्चित करें. उन्होंने यह भी कहा कि मिडिल ईस्ट के देशों के साथ चीन अपने संबंधों को मजबूत करते हुए तनाव कम करने और शांति बहाल करने की कोशिश करेगा. इसी तरह ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यूके अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर इस इलाके में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई विकल्पों पर चर्चा कर रहा है.
ट्रंप ने ईरान के खिलाफ क्या कहा?
इससे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा था कि कई देश अमेरिका के साथ मिलकर स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को खुला और सुरक्षित रखने के लिए युद्धपोत भेजेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन, फ्रांस, जापान, साउथ कोरिया और ब्रिटेन जैसे देश भी इसमें शामिल हो सकते हैं.













