
Renault Bridger: जिम्नी और थार की टेंशन बढ़ाने जल्द आ सकती है ये मिनी डस्टर, जानें क्या होगा खास
ABP News
भारत में Renault Bridger कॉन्सेप्ट SUV जल्द आ सकती है. लॉन्च के बाद यह Maruti Jimny और Mahindra Thar जैसी गाड़ियों को टक्कर दे सकती है. आइए इसकी डिजाइन और फीचर्स की पूरी डिटेल्स जानते हैं.
Renault ने हाल ही में Bridger नाम की एक नई SUV कॉन्सेप्ट का टीजर जारी किया है. कंपनी इस कॉन्सेप्ट को 10 मार्च को दुनिया के सामने पेश करेगी. हालांकि यह मॉडल तुरंत भारतीय बाजार में लॉन्च नहीं होगा, लेकिन आने वाले समय में इसे भारत में लाने की योजना है. खास बात यह है कि इस SUV को भारत को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, इसलिए भविष्य में इसका भारतीय बाजार में आना लगभग तय माना जा रहा है.
Renault Bridger को भारत में डिजाइन किया गया है और इसे खास तौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. यह SUV चार मीटर से कम लंबाई वाली होगी, इसलिए इसे सब-4m SUV सेगमेंट में रखा जाएगा. भारत में इस सेगमेंट की गाड़ियों की मांग काफी ज्यादा है, क्योंकि ये साइज में कॉम्पैक्ट होती हैं और शहर में चलाने में आसान रहती हैं. कंपनी इस SUV को अपनी लोकप्रिय Kiger से ऊपर और नई Duster से नीचे की पोजिशन में रख सकती है. इससे ग्राहकों को एक नया विकल्प मिलेगा जो साइज में छोटा लेकिन फीचर्स और ताकत के मामले में दमदार होगा.
टीजर से जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार Renault Bridger का लुक काफी बॉक्सी और मजबूत होगा. इसके पीछे स्पेयर व्हील भी दिया जा सकता है, जो इसे और ज्यादा ऑफ-रोड स्टाइल देता है. बड़े और मोटे टायर इसके टफ लुक को और बेहतर बनाते हैं. डिजाइन के मामले में इसमें नई Duster जैसी सिंपल लेकिन मजबूत SUV स्टाइल की झलक देखने को मिल सकती है. इसका उद्देश्य एक ऐसी छोटी SUV बनाना है जो शहर में भी अच्छी लगे और ऑफ-रोड पर भी भरोसेमंद साबित हो.
Renault Bridger की सबसे खास बात इसका 4x4 या AWD सिस्टम हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो यह छोटी SUV सेगमेंट में एक अलग पहचान बना सकती है. भारतीय बाजार में इस तरह की छोटी लेकिन ऑफ-रोड क्षमता वाली गाड़ियां बहुत कम हैं. इसी वजह से माना जा रहा है कि लॉन्च होने के बाद यह SUV Maruti Jimny और Mahindra Thar जैसी गाड़ियों को टक्कर दे सकती है. हालांकि इसका साइज उनसे छोटा होगा, लेकिन फीचर्स और ऑफ-रोड क्षमता इसे खास बना सकती है.













