
3 स्टार या 5 स्टार AC? खरीदने से पहले जान लें कौन बचाता है ज्यादा बिजली और पैसा
ABP News
3 Star AC Vs 5 Star AC: गर्मी का मौसम शुरू होते ही ज्यादातर लोग घर के लिए एयर कंडीशनर खरीदने की योजना बनाने लगते हैं.
3 Star AC Vs 5 Star AC: गर्मी का मौसम शुरू होते ही ज्यादातर लोग घर के लिए एयर कंडीशनर खरीदने की योजना बनाने लगते हैं. अगर आप भी नया AC लेने का सोच रहे हैं तो अक्सर एक सवाल सामने आता है 3 स्टार AC लें या 5 स्टार AC? दुकान पर देखने पर 5 स्टार मॉडल थोड़ा महंगा लगता है जबकि 3 स्टार AC कीमत के मामले में सस्ता दिखाई देता है.
लेकिन सही फैसला सिर्फ कीमत देखकर नहीं किया जा सकता. असली फर्क इस बात से पड़ता है कि AC कितनी बिजली खर्च करता है और आप उसे रोज कितने घंटे चलाते हैं. लंबे समय में यही चीज आपके बिजली बिल पर बड़ा असर डालती है. इसलिए खरीदने से पहले इन दोनों के बीच का अंतर समझना जरूरी है.
भारत में एयर कंडीशनर की स्टार रेटिंग सरकार की संस्था Bureau of Energy Efficiency (BEE) तय करती है. यह रेटिंग बताती है कि कोई AC बिजली का इस्तेमाल कितनी कुशलता से करता है. सीधा सा नियम है जितनी ज्यादा स्टार रेटिंग उतनी कम बिजली की खपत. यानी अगर 3 स्टार और 5 स्टार AC को बराबर समय तक चलाया जाए तो 5 स्टार AC समान कूलिंग देते हुए कम बिजली खर्च करेगा. यही वजह है कि लंबे समय में इसका असर बिजली बिल पर साफ दिखाई देता है.
आमतौर पर 5 स्टार AC की कीमत 3 स्टार मॉडल से ज्यादा होती है. दोनों के बीच लगभग 3000 से 7000 रुपये तक का फर्क देखा जा सकता है. ब्रांड, टन क्षमता और फीचर्स के हिसाब से यह अंतर थोड़ा कम या ज्यादा भी हो सकता है. कई लोग शुरुआत में कम कीमत देखकर 3 स्टार AC खरीद लेते हैं. हालांकि AC खरीदते समय सिर्फ शुरुआती कीमत नहीं बल्कि चलाने की लागत को भी ध्यान में रखना जरूरी होता है.













