
CBSE ने खाड़ी देशों में 12वीं बोर्ड परीक्षा की रद्द, मिडिल ईस्ट में जंग के बीच लिया फैसला
ABP News
सीबीएसई की ओर से जारी नोटिस के माध्यम से बताया कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में निर्धारित सभी 12वीं कक्षा की परीक्षाएं अब नहीं होंगी.
मिडिल ईस्ट में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच भारतीय छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने खाड़ी क्षेत्र में पढ़ रहे 12वीं के छात्रों की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द कर दिया है. यह फैसला उन देशों में रहने वाले छात्रों के लिए बेहद जरूरी है, जहां भारतीय प्रवासी परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए सीबीएसई से जुड़े स्कूलों पर निर्भर हैं.
सीबीएसई की ओर से जारी नोटिस के माध्यम से बताया कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में निर्धारित सभी 12वीं कक्षा की परीक्षाएं अब नहीं होंगी. इन परीक्षाओं का समय 16 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक तय किया गया था. इसके अलावा, मार्च के पहले हफ्ते में पहले से स्थगित की गई परीक्षाएं भी अब पूरी तरह रद्द मानी जाएंगी.
क्या है सीबीएसई का फैसला
सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च 2026 को स्थगित की गई परीक्षाओं को भी अब रद्द माना जाएगा. बोर्ड ने यह भी कहा कि इन देशों में पढ़ रहे छात्रों के मूल्यांकन और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया बाद में अलग से घोषित की जाएगी. परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, इन देशों में कक्षा XII के उम्मीदवारों के लिए परिणाम घोषित करने का तरीका उचित समय पर अलग से अधिसूचित किया जाएगा.













