
JMI: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में दाखिले की प्रक्रिया शुरू, 30 नए कोर्स होंगे लॉन्च
ABP News
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें 30 नए कोर्स भी जोड़े गए हैं. आइए डिटेल्स जानते हैं...
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया की घोषणा कर दी है. विश्वविद्यालय की ओर से दाखिले से जुड़ा प्रोस्पेक्टस भी जारी कर दिया गया है. इसके साथ ही विभिन्न कोर्सों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. देश-विदेश के छात्रों के लिए यह खबर बेहद अहम मानी जा रही है.
जामिया मिल्लिया इस्लामिया इस बार छात्रों के लिए कई नए अवसर लेकर आया है. नए सत्र से स्नातक, स्नातकोत्तर, एडवांस डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा स्तर के कुल 30 नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन नए कोर्सों का उद्देश्य छात्रों को बदलते समय के अनुसार बेहतर शिक्षा और रोजगार से जोड़ना है.
कुलपति ने किया प्रोस्पेक्टस का विमोचन
शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ ने आधिकारिक रूप से दाखिले के लिए प्रोस्पेक्टस जारी किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि जामिया राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार शिक्षा प्रणाली को आगे बढ़ा रहा है. इसके तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम में मल्टीपल एंट्री मोड की सुविधा दी जा रही है, जिससे छात्रों को पढ़ाई में अधिक लचीलापन मिलेगा.













