IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी को इरफान पठान ने क्यों दी वॉर्निंग? कहा- आसान नहीं होगा ये सीजन
AajTak
वैभव सूर्यवंशी के लिए IPL 2026 असली चुनौती लेकर आ रहा है. इरफान पठान के मुताबिक अब गेंदबाज उनके खिलाफ पूरी तैयारी से आएंगे, इसलिए उन्हें अपने खेल में सुधार और लगातार प्रदर्शन करना होगा. बता दें कि आईपीएल के पिछले सीजन में वैभव ने कई कमाल की पारियां खेली थीं.
आईपीएल 2026 में इस बार कहानी वही है, लेकिन चुनौती बिल्कुल नई. 14 साल के युवा स्टार वैभन सूर्यवंशी जिन्होंने पिछले सीजन अपने धमाकेदार खेल से सबको चौंका दिया था, अब हर टीम के निशाने पर होंगे. राजस्थान रॉयल्स का ये युवा खिलाड़ी अब “सरप्राइज पैकेज” नहीं रहा, बल्कि विपक्षी टीमों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है.
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने साफ कहा है कि असली परीक्षा अब शुरू होगी. उनके मुताबिक, पिछले साल वैभव को कोई खास जानता नहीं था, लेकिन अब हर गेंदबाज उनकी बल्लेबाजी के वीडियो देख चुका है, उनकी ताकत और कमजोरियां समझ चुका है. ऐसे में IPL 2026 वैभव के लिए सीखने और खुद को साबित करने का सीजन होगा.
ऐसा रहा है वैभव का आईपीएल सफऱ
वैभव का अब तक का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा है. राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था और उन्होंने आते ही तहलका मचा दिया. गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक ठोककर उन्होंने इतिहास रच दिया और IPL के सबसे युवा स्टार बन गए. पूरे सीजन में उन्होंने 7 पारियों में 252 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 200 से भी ज्यादा रहा.
यह भी पढ़ें: 'वैभव सूर्यवंशी बच्चा है, उसे खेलने दो...', राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने IPL से पहले क्यों दिया ये बयान?
यही नहीं, IPL के बाद भी उनका बल्ला रुका नहीं. ICC Under-19 World Cup 2026 के फाइनल में उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए, जो किसी भी फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है. पूरे टूर्नामेंट में 439 रन बनाकर वो भारत के हीरो बने.













