
भारतीय टीम की मेजबानी की तैयारी में जुटा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड... उठाया बड़ा कदम, आयरलैंड दौरा टला
AajTak
भारतीय टीम की मेजबानी को प्राथमिकता देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सितंबर में प्रस्तावित आयरलैंड दौरे को टालने का फैसला लिया है. बांग्लादेश की टीम आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग नहीं ले पाई थी क्योंकि उसने भारत में मुकाबले खेलने से इनकार कर दिया था.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा फैसला लेते हुए सितंबर में प्रस्तावित अपनी टीम के आयरलैंड दौरे को टाल दिया है. बीसीबी ने ये फैसला भारत के खिलाफ लंबे समय से लंबित व्हाइट बॉल सीरीज के मद्देनजर लिया है. यह सीरीज टीम के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले बेहद अहम मानी जा रही है.
हालांकि भारत का यह दौरा अभी अंतिम रूप से तय नहीं है. इसे भारत सरकार की मंजूरी मिलना बाकी है और हालिया कूटनीतिक परिस्थितियों के चलते इस पर अंतिम निर्णय लिया जाना है. अगर सरकार से मंजूरी मिली, तो भारतीय टीम 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश ने फिर दी ICC को गीदड़भभकी, टी20 वर्ल्ड कप कंट्रोवर्सी के बाद अब बोर्ड चुनाव से बढ़ा बवाल
इस दौरे में तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाने हैं. वनडे मुकाबले 1, 3 और 6 सितंबर को आयोजित होंगे. जबकि टी20 सीरीज के मुकाबले 9, 12 और 13 सितंबर को होने हैं. यह व्हाइट बॉल सीरीज मूल रूप से 2025 में होनी थी, लेकिन बाद में इसे स्थगित कर दिया गया था.
अब कब होगा बांग्लादेश का आयरलैंड दौरा? बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने क्रिकबज को बताया कि भारत का दौरा सितंबर विंडो में आने के बाद आयरलैंड सीरीज को अन्य समय में कराने की कोशिश की गई थी. हालांकि, आयरलैंड के व्यस्त फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) के चलते नई तारीखें संभव नहीं हो सकीे. इसके चलते दोनों बोर्ड ने आपसी सहमति से इस दौरे को टालने का फैसला लिया है और अब 2027 में इसके लिए नई विंडो तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश क्रिकेट में बदलाव की आंधी, सेलेक्शन सिस्टम पर चली नई चाबुक, ये दिग्गज बनेगा चीफ सेलेक्टर













