
India-US ट्रेड डील का असर; विदेशी निवेशकों का बदला रुख, फरवरी में 19,675 करोड़ रुपये का किया निवेश
ABP News
भारत और अमेरिका के बीच हुए ट्रेड डील का असर अब दिखने लगा है. विदेशी निवेशकों का रूख भी भारतीय बाजार की तरफ लौट रहा हैं. इस महीने अब तक विदेशी निवेशकों ने करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है.
FPI Inflow Stock Market: भारत और अमेरिका के बीच हुए ट्रेड डील का असर अब दिखने लगा है. विदेशी निवेशकों का रूख भी भारतीय बाजार की तरफ लौट रहा हैं. फरवरी महीने की बात करें तो, विदेशी निवेशकों ने बाजार पर भरोसा दिखाया और जमकर निवेश किया है.
आंकड़ों के अनुसार, फरवरी महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है. बीते कुछ महीनों में विदेशी निवेशकों ने बाजार में जबरदस्त बिकवाली की थी. इस बदलते हुए ट्रेंड से घरेलू निवेशकों का भी भरोसा भारतीय बाजार पर और ज्यादा बढ़ सकता है. आइए जानते हैं, इस बारे में...
लगातार बिकवाली के बाद लौटे विदेशी निवेशक
लंबे समय तक बिकवाली के बाद अब विदेशी निवेशकों का रुख बदलता नजर आ रहा है. अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने फरवरी के पहले दो हफ्तों में भारतीय शेयर बाजार में 19,675 करोड़ रुपये का निवेश किया है. डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार 13 फरवरी तक यह राशि विदेशी निवेशकों ने बाजार में डाली है. जो पिछले तीन महीनों की लगातार निकासी के बाद एक अहम बदलाव माना जा रहा है.













