
IND vs PAK से पहले उस्मान तारिक पर प्लान तैयार, ईशान किशन ने बताया भारत का गेम प्लान
ABP News
नामीबिया पर जीत के बाद ईशान किशन ने कहा कि पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक से निपटने की तैयारी पूरी हो चुकी है. उन्होंने साफ किया कि अब टीम का फोकस सिर्फ गेंद को देखकर स्वाभाविक खेल खेलने पर है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया पर बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है. अब सबकी नजर 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर है. खास तौर पर पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की अलग तरह की गेंदबाजी एक चर्चा का विषय बनी हुई है. इस पर भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने खुलकर बात की है.
ईशान किशन ने उस्मान तारिक के लिए क्या कहा?
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान ईशान किशन ने उस्मान की साइडआर्म एक्शन वाली गेंदबाजी का सामना करने की तैयारी पर बात की. उन्होंने कहा कि टीम पहले ही अपनी तैयारी पूरी कर चुकी है और अब मैदान पर सिर्फ गेंद को देखकर स्वाभाविक खेल दिखाने पर फोकस है. ईशान के मुताबिक, टी20 क्रिकेट में बल्लेबाज के तौर पर ज्यादा सोचने की बजाय मौके का फायदा उठाना जरूरी होता है. अगर गेंद हिट करने लायक हो तो उसे अटैक करना चाहिए, क्योंकि टीम का लक्ष्य हमेशा बोर्ड पर मजबूत स्कोर खड़ा करना रहता है.
उन्होंने यह भी कहा कि इस स्तर पर बहुत अलग तरह की तैयारी की जरूरत नहीं होती. कुछ वीडियो देखकर गेंदबाज की शैली और रणनीति का अंदाजा हो जाता है. हमारी टीम चीजों को सरल रखने में विश्वास करती है और अपनी ताकत पर भरोसा करती है. ईशान ने माना कि मैच में आज अच्छी गेंदबाजी हुई और मैच से टीम को काफी सीख भी मिली, जो आगे के मुकाबलों में काम आएगी.













