
Human Lifespan 150 Years: क्या 150 साल तक जिंदा रह सकता है इंसान? इस रिसर्च के बाद शुरू हुई बहस
ABP News
Can Humans Live Up To 150 Years: हमेशा से लोगों के मन में एक आशा रहती है कि काश ज्यादा दिनों तक जीवित रह सकते. चलिए आपको बताते हैं कि कैसे अब इंसान 150 साल तक जिंदा रह सकता है?
New Research On Human Lifespan Extension: मानव जीवन को लंबा करने का विचार लंबे समय से साइंटिस्ट को आकर्षित करता रहा है. आधुनिक मेडिकल ने इसमें काफी तरक्की की है, लेकिन साइंटिस्ट अब भी ऐसे तरीकों की तलाश में हैं जिनसे बढ़ती उम्र की प्रक्रिया को धीमा किया जा सके और उम्र से जुड़ी बीमारियों को रोका जा सके. हाल ही में चीन की एक बायोटेक कंपनी ने इस विषय पर नई बहस छेड़ दी है.
शेन्जेन स्थित स्टार्टअप Lonvi Biosciences का दावा है कि उसने एक ऐसी एक्सपेरिमेंटल गोली विकसित की है, जिसकी मदद से इंसान की उम्र भविष्य में 150 साल तक पहुंच सकती है. कंपनी के अनुसार उनकी रिसर्च शरीर में मौजूद उन हानिकारक सेल्स को हटाने पर केंद्रित है, जो उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज करती हैं. सोशल मीडिया और वैज्ञानिक मंचों पर सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दवा अंगूर के बीज से प्राप्त तत्वों का इस्तेमाल करती है, जो शरीर में मौजूद खास प्रकार की सेल्स को निशाना बनाती हैं. इन कोशिकाओं को आम भाषा में "जॉम्बी सेल्स" कहा जाता है.
जॉम्बी सेल्स किसे कहा जाता है?
साइंस के टर्म में इन्हें senescent cells कहा जाता है. ये ऐसी सेल्स होती हैं जो क्षतिग्रस्त या बूढ़ी हो चुकी होती हैं और सेल्स विभाजित होना बंद कर देती हैं, लेकिन मरती नहीं हैं. इसके बजाय ये शरीर में बनी रहती हैं और आसपास के में सूजन पैदा करने वाले रसायन छोड़ती रहती हैं. समय के साथ इन सेल्स का जमाव शरीर में कई समस्याओं को जन्म दे सकता है. साइंटिस्ट का मानना है कि यही सेल्स बढ़ती उम्र के साथ होने वाली बीमारियों जैसे दिल की बीमारी, गठिया और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं में भूमिका निभा सकती हैं.













