
DON 3 पर क्लैश: फरहान ने मांगे 40 करोड़, अब रणवीर ने लगाए आरोप, मीटिंग में हुआ क्या-क्या
AajTak
पिछले दो सालों में ये शुरुआती उथल-पुथल कथित तौर पर एक गंभीर आंतरिक विवाद में बदल गई है. इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'धुरंधर' की रिलीज और उसकी जबरदस्त सफलता के बाद रणवीर सिंह ने फ्रेंचाइजी से बाहर होने का फैसला किया और 'डॉन 3' अब पूरी तरह ठप हो चुकी है.
फरहान अख्तर ने लगभग दो साल पहले फिल्म 'डॉन 3' के साथ बतौर डायरेक्टर कमबैक करने का ऐलान किया था. हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार एक्शन फ्रेंचाइजी का ये अगला पार्ट देखने के लिए दर्शकों में उत्सुकता थी. लेकिन इस ऐलान के साथ एक बड़ा बदलाव भी आया. शाहरुख खान के बजाय डॉन का किरदार रणवीर सिंह निभाने वाले थे. फरहान, रणवीर समेत पिक्चर की पूरी टीम को ऑनलाइन आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. शुरू से ही यह प्रोजेक्ट एक कठिन लड़ाई लड़ता नजर आ रहा था, जिसमें लगातार नकारात्मकता और जनता का संदेह शामिल था.
पिछले दो सालों में ये शुरुआती उथल-पुथल कथित तौर पर एक गंभीर आंतरिक विवाद में बदल गई है. इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'धुरंधर' की रिलीज और उसकी जबरदस्त सफलता के बाद रणवीर सिंह ने फ्रेंचाइजी से बाहर होने का फैसला किया और 'डॉन 3' अब पूरी तरह ठप हो चुकी है. इस हफ्ते की शुरुआत में Variety India ने रिपोर्ट किया कि फरहान ने कथित तौर पर रणवीर से प्रोजेक्ट छोड़ने के लिए 40 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगा है, क्योंकि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से महज कुछ महीने पहले ही यह फैसला लिया गया.
रणवीर ने फरहान की कंपनी को बताया अनप्रोफेशनल
अब बॉलीवुड हंगामा की एक ताजा रिपोर्ट ने इस पूरे मामले के पीछे की कहानी का खुलासा किया है. रिपोर्ट के अनुसार, इस विवाद के चलते प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (GUILD) के साथ मिलकर दो बंद कमरों में फरहान अख्तर ने मीटिंग्स की, जिनमें फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली लोगों ने हिस्सा लिया. एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, 'शुरुआत से ही यह साफ किया गया था कि मकसद किसी एक व्यक्ति को दोषी ठहराना या निशाना बनाना नहीं है. चर्चा एक बड़े इंडस्ट्री मुद्दे पर केंद्रित थी. जब एक फिल्म की प्री-प्रोडक्शन में भारी निवेश हो चुका हो और लीड एक्टर प्रोजेक्ट छोड़ दे, तो फिल्ममेकर के पास क्या विकल्प बचते हैं. साथ ही स्टेकहोल्डर्स ने एक्टर के नजरिए से भी इस मुद्दे को समझा और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रोड्यूसर्स द्वारा उठाए जा सकने वाले कदमों पर विचार किया.'
अभी तक दो मीटिंग्स हो चुकी हैं. पहली मीटिंग में साजिद नडियाडवाला समेत कई वरिष्ठ प्रोड्यूसर्स मौजूद थे. इसमें रणवीर सिंह के बाहर होने की परिस्थितियों और प्री-प्रोडक्शन के चरण में फिल्म के रुक जाने के प्रभावों पर चर्चा हुई. दूसरी मीटिंग ज्यादा विस्तृत थी, जिसमें आमिर खान, सिद्धार्थ रॉय कपूर, रमेश तौरानी, कुमार तौरानी सहित इंडस्ट्री के कई प्रमुख लोग शामिल थे. इस बैठक में सबसे पहले रणवीर की तरफ से अपना पक्ष रखा गया.
एक प्रोड्यूसर के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, 'रणवीर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट पर प्रोफेशनल न होने और डॉन 3 को फ्लोर्स पर ले जाने को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि फरहान अख्तर के पास कभी भी बाउंड स्क्रिप्ट तैयार नहीं थी और एक एक्टर के तौर पर वे केवल पूरी तरह से विकसित स्क्रिप्ट के साथ काम करना पसंद करते हैं.'













