
दिल्ली HC का पुलिस को निर्देश, 'उत्तम नगर में ईद के मौके पर माहौल न बिगड़े, कड़ी हो सुरक्षा'
ABP News
Uttam Nagar Murder Case: उत्तम नगर हत्याकांड मामले में दिल्ली हाई कोर्ट में दो याचिकाएं दाखिल की गई थीं. इसमें ईद के दौरान सुरक्षा कड़ी करने की मांग की गई थी.
दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उत्तम नगर में ईद के मौके पर माहौल न बिगड़े. कोर्ट ने कहा कि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने समेत तमाम एहतियाती कदम उठाए ताकि ईद का त्योहार शांतिपूर्ण मनाया जा सके. कोर्ट ने कहा कि इलाके में पुलिस के सुरक्षा प्रबंध रामनवमी के बाद तक जारी रखी जाए. साथ ही उम्मीद जताई कि समाज के सभी वर्ग भी आपस में संयम रखें ताकि शांति और सद्भाव बना रहे.
दिल्ली पुलिस की ओर से कोर्ट को आश्वस्त किया गया कि होली पर युवक की हत्या के बाद से ही सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतज़ाम किए गए है. केंद्रीय सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है. द्वारका जिले के 11 पुलिस थानों में सशस्त्र पुलिस की 8 कंपनियां तैनात की गई हैं. इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 400 पुलिसकर्मी लगाए गए है. सोशल मीडिया एकाउंट पर नज़र रखी जा रही है.
बता दें कि उत्तम नगर हत्याकांड को लेकर हाई कोर्ट में सुरक्षा को लेकर दो याचिकाएं दाखिल की गई थीं. इलाके में शांतिभंग और हिंसा की आशंका को लेकर हाईकोर्ट से गुहार लगाई गई. हाई कोर्ट से इस इलाके में सुरक्षा कड़ी किए जाने की मांग की गई. एक याचिकाकर्ता ने कहा कि उसने पुलिस को ज्ञापन दिया है लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. याचिकाओं में आशंका जताई गई कि इलाके में चल रही गतिविधियों के मद्देनजर हिंसा हो सकती है.
उत्तम नगर में चार मार्च को एक व्यक्ति की हत्या के बाद से सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है. उत्तम नगर समेत अलग-अलग जगहों पर ईद उल फितर से पहले सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं. इसके तहत जिले में 100 से अधिक जगहों पर जांच चौकी बनाई है जबकि सुरक्षाकर्मी छतों पर से निगरानी कर रहे हैं.













