
Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 13 फरवरी 2026 की शाम की टॉप खबरें और अन्य समाचार
AajTak
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में जीत की बधाई दी. वहीं, भारत ने रूस से 288 एस 400 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद को मंजूरी दी.
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 13 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में जीत की बधाई दी. वहीं, भारत ने रूस से 288 एस 400 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद को मंजूरी दी. इन खबरों के अलावा, सेंसेक्स 1048 अंक और निफ्टी 336 अंक गिरकर लाल निशान पर बंद हुए. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें.
पीएम मोदी ने तारिक रहमान से की बात, BNP की बंपर जीत के बाद भारत ने इस बात का दिया भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में जीत की बधाई दी. पीएम मोदी ने उनकी इस जीत को जनता की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक विश्वास का प्रतीक बताया. एक्स पर PM मोदी ने लिखा कि वे बांग्लादेश की जनता की उम्मीदों को पूरा करने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हैं.
S-400 के लिए 288 और मिसाइलें आएंगी भारत, ऑपरेशन सिंदूर में PAK के छुड़ाए थे छक्के डिफेंस एक्विज़िशन काउंसिल ने रूस से 288 S-400 सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद को मंज़ूरी दी है. इसकी अनुमानित लागत ₹10,000 करोड़ है. ये मिसाइलें मई 2025 के ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल हुई थीं, जहां भारत ने पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों, AWACS और ड्रोन को मार गिराया था. यह फैसला वायुसेना की हवाई रक्षा को और मज़बूत करेगा.
Stock Market Crash: झटके में 7 लाख करोड़ स्वाहा... शेयर बाजार में मचा कोहराम, 1000 अंक टूटा सेंसेक्स! शुक्रवार को शेयर बाज़ार में भारी कोहराम मचा और निवेशकों के पोर्टफोलियो लाल निशान पर बंद हुए. आईटी सेक्टर से लेकर रियल एस्टेट तक तेज़ बिकवाली दिखी. इस गिरावट में टीसीएस, इंफोसिस और रिलायंस जैसे शेयरों का बड़ा योगदान रहा. सेंसेक्स 1048 अंक टूटकर 82,626 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50, 336 अंक फिसलकर 25,471 पर क्लोज हुआ.
IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने किया नए कप्तान का ऐलान, जडेजा-यशस्वी नहीं... इस धुरंधर को मिली जिम्मेदारी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को नया कप्तान बनाया. लंबे समय से कप्तान रहे संजू सैमसन को ट्रेड कर चेन्नई की टीम भेजा गया. इस डील के जरिए रविंद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान टीम में शामिल हुए. राजस्थान रॉयल्स का कप्तान बनने के लिए यशस्वी जायसवाल भी दावेदार थे, पर 24 वर्षीय पराग पर भरोसा जताया गया.
चीन बॉर्डर के पास नदी के नीचे भारत बना रहा दो सुरंग... रणनीतिक रूप से अहम भारत सरकार ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे वर्ल्डक्लास अंडरवाटर रोड और रेल सुरंग बनाने की तैयारी में है. यह सुरंग असम में गोहपुर को नुमलिगढ़ से जोड़ेगी, जिसकी अनुमानित लागत 18600 से 19000 करोड़ रुपये बताई गई है. यह भारत की पहली ऐसी सुरंग होगी, जिसमें सड़क और रेल दोनों होंगी. केंद्रीय कैबिनेट जल्द ही इस प्रोजेक्ट को मंजूरी देने वाली है.

लेबनान के युद्ध क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए आज तक के वरिष्ठ पत्रकार अशरफ वानी ने बताया कि जंग सिर्फ गोलियों और धमाकों की नहीं, बल्कि डर, जिम्मेदारी और सच के बीच संतुलन की लड़ाई भी है. हर दिन मौत के साये में काम करते हुए उन्होंने तबाही, विस्थापन और इंसानी पीड़ा को करीब से देखा. ईद के दिन भी रिपोर्टिंग जारी रही. यह अनुभव सिर्फ कवरेज नहीं, बल्कि ऐसे सच का गवाह बनने की जिम्मेदारी थी- जहां हर पल जिंदगी और मौत के बीच फैसला लेना पड़ता है.

राजकोट में एक डॉक्टर ने साथी डॉक्टर के क्लिनिक में स्पाई कैमरा लगाकर 3 से 4 हजार निजी वीडियो रिकॉर्ड किए. आरोपी कमल नांढा पर एकतरफा प्यार में ऐसा करने और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 25 लाख रुपये मांगने का आरोप है. पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने 50,000 रुपये वसूल भी किए. मामले में 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है.

दिल्ली के उत्तम नगर में प्रदर्शन कर रहे हिंदूवादी संगठन के लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. दरअसल, होली के मौके पर हुई युवक की हत्या के विरोध में हिंदूवादी संगठन के लोग उत्तम नगर में इकट्ठा हुए थे. इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. ईद को देखते हुए पहले ही उत्तम नगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है.

मथुरा में गोरक्षक फरसा बाबा की हत्या के आरोप के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर भारी हंगामा हुआ. आरोप है कि बीती रात विख्यात गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी. फरसा बाबा की मौत की खबर फैसले ही लोगों की गुस्सा फूट पड़ा. दिल्ली-मथुरा हाईवे पर भारी हंगामा किया. देखें न्यूज बुलेटिन.

गुजरात के सूरत में घरेलू गैस (LPG) की भारी किल्लत और ब्लैक मार्केटिंग ने प्रवासी मजदूरों की कमर तोड़ दी है. उधना रेलवे स्टेशन पर बिहार और यूपी जाने वाले श्रमिकों की लंबी कतारें इस बात का सबूत हैं कि सरकारी दावों के उलट जमीनी हकीकत भयावह है. खाली चूल्हा और महंगी गैस मजदूरों को शहर छोड़ने पर मजबूर कर रही है.

तेलंगाना के हैदराबाद में दुखद घटना सामने आई है. यहां MBBS की पढ़ाई पूरी कर चुकी 23 साल की लड़की ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली. पुलिस का कहना है कि उसने बीते तीन महीने से एक बिल्ली पाल रखी थी. इसको लेकर माता-पिता ने ऐतराज जताया था. इसी को लेकर घर में चल रहे विवाद के बीच लेडी डॉक्टर ने यह कदम उठा लिया, जिससे परिवार में मातम पसर गया है.







