
Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 10 मार्च 2026 की सुबह की टॉप खबरें और अन्य समाचार
AajTak
पीएम मोदी ने नेपाल के राष्ट्रीय चुनाव में प्रचंड जीत पर आरएसपी नेताओं से फ़ोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी. वहीं, भारत को रूसी तेल ख़रीद की अस्थायी छूट देने के ट्रंप के फ़ैसले पर अमेरिका में सियासी घमासान मचा हुआ है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में RSP के वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह को शानदार चुनावी जीत पर बधाई दी. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को 30 दिनों तक रूसी तेल खरीदने की अस्थाई छूट जारी की. इन खबरों के अलावा, केंद्र सरकार ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तुरंत बढ़ोतरी की फिलहाल कोई संभावना नहीं है. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
PM मोदी ने बालेंद्र शाह से फोन पर की बात, नेपाल चुनाव में RSP की प्रचंड जीत पर दी बधाई पीएम मोदी ने नेपाल में 5 मार्च को हुए राष्ट्रीय चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने वाली RSP के शीर्ष नेताओं से टेलीफ़ोन पर बातचीत की है. उन्होंने आरएसपी अध्यक्ष रबी लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह से बात कर चुनाव में शानदार जीत पर शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने साथ ही नेपाल में बनने वाली नई सरकार के लिए भी अपनी शुभकामनाएं दीं.
रूसी तेल पर भारत को रियायत से अमेरिका में बवाल! ट्रंप के विरोधी बोले, 'दुश्मन को फायदा...' अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को 30 दिनों तक रूसी तेल ख़रीदने की अस्थाई छूट जारी की है. इस फ़ैसले पर अमेरिका में विवाद बढ़ गया है. विपक्षी डेमोक्रेट सांसदों ने ट्रंप प्रशासन से यह छूट तुरंत वापस लेने की मांग की है. उन्होंने ट्रेज़री सचिव स्कॉट बेसेंट को पत्र लिखकर इसे दुश्मन को फ़ायदा पहुंचाने जैसा क़दम बताया.
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में नहीं होगा इजाफा, इमरजेंसी तेल भंडार जारी नहीं करेगा भारत पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तुरंत बढ़ोतरी की फिलहाल कोई संभावना नहीं है. केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस समय एक्साइज ड्यूटी घटाने पर भी कोई विचार नहीं चल रहा. देश के पास पर्याप्त फ्यूल रिजर्व है और सप्लाई को लेकर कोई चिंता नहीं है. पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच केंद्र सरकार कच्चे तेल की कीमतों पर लगातार नजर बनाए हुए है.
अबूधाबी में सबसे बड़े हिंदू मंदिर पर अलर्ट... जंग के बीच बंद किया गया BAPS टेंपल
UAE की राजधानी अबू धाबी स्थित BAPS हिंदू मंदिर को जंग के हालातों के मद्देनज़र अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. मंदिर प्रशासन ने घोषणा की है कि मंदिर अगले आदेश तक श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए बंद रहेगा. फ़िलहाल यह आदेश 9 मार्च 2026 तक लागू है. हालांकि मंदिर में रहने वाले स्वामी और संत अंदर नियमित रूप से पूजा जारी रखेंगे.

महाराष्ट्र के बीड जिले में 21 साल की शादीशुदा को एक महीने में तीन बार अलग अलग लोगों को बेचकर जबरन शादी कराने का मामला सामने आया है. चौथी शादी की बात सुनकर पीड़िता ने जहर पीकर आत्महत्या की कोशिश की. फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में रंगपंचमी के दौरान नशे में धुत एक युवती ने सड़क पर हंगामा किया. आरके नगर इलाके में पुलिस से कहासुनी के दौरान युवती ने एक महिला पुलिस अधिकारी के हाथ पर काट लिया. बाद में उसे आरके नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उसने वहां भी हंगामा किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का आज दसवां दिन है. परमाणु कार्यक्रम के बहाने शुरू हुआ यह संघर्ष अब पानी की जंग में बदलता दिख रहा है. ईरान ने बहरीन जैसे पश्चिम एशिया के देशों के वाटर प्लांट पर हमले शुरू कर दिए हैं. इससे संकेत मिल रहे हैं कि युद्ध का नया मोर्चा अब वॉटर वॉर हो सकता है. खाड़ी देशों की ऊर्जा और पानी की सुरक्षा पर मंडराता खतरा वैश्विक संकट को और गहरा कर सकता है.










