
7 साल बाद फिर बॉक्स ऑफिस के 'किंग' बनेंगे शाहिद कपूर, 'ओ रोमियो' से खत्म होगा इंतजार?
AajTak
शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' रिलीज होने से महज एक दिन दूर है. एक्टर अपने फेवरेट डायरेक्टर विशाल भारद्वाज के साथ एक बार फिर थिएटर्स में लौट रहे हैं. उनका रोमियो अवतार भी बेहद लाजवाब दिख रहा है. ऐसे में ये सवाल है कि क्या शाहिद बॉक्स ऑफिस पर फिर छाएंगे या नहीं.
बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर इंडस्ट्री में सबसे टैलेंटेड कलाकारों में से एक माने जाते हैं. उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई यादगार फिल्में की हैं, जिसमें उन्हें फैन्स का भरपूर प्यार मिला है. शाहिद अब अपनी नई फिल्म 'ओ रोमियो' की रिलीज के लिए तैयार हैं, जिसे विशाल भारद्वाज ने डायरेक्ट किया है.
शाहिद की 'ओ रोमियो' से फैन्स की उम्मीदें
फिल्म 'ओ रोमियो' शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज की एकसाथ चौथी फिल्म है. दोनों इससे पहले 'कमीने', 'हैदर' और 'रंगून' में साथ काम कर चुके हैं. तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उतनी नहीं चली, मगर इसे लेकर फिल्मी लवर्स के बीच तगड़ा क्रेज है. शाहिद की फिल्म 'हैदर' उस क्रेज की लिस्ट में सबसे ऊपर मानी जाती है. जिस तरह उस फिल्म में एक्टर ने परफॉर्म किया था, वो देखने लायक बात थी. उस फिल्म के नाम कई सारे अवॉर्ड्स भी हुए थे.
अब वही फीलिंग फैन्स को 'ओ रोमियो' से रही है. फिल्म के ट्रेलर ने लोगों के बीच एक्साइटमेंट बढ़ाने का काम किया था. रोमियो के अंदाज में शाहिद का लुक काफी दमदार दिखा. वहीं तृप्ति डिमरी संग उनकी केमिस्ट्री ट्रेलर में काफी पसंद की गई. लेकिन क्या 'ओ रोमियो' शाहिद को बॉक्स ऑफिस पर छाने में कामयाब फिल्म बनेगी? क्योंकि उनकी पिछली तीन फिल्में उतनी खास नहीं चली थी.
पिछली तीन फिल्मों ने किया निराश
शाहिद कपूर पिछले 7 साल से एक क्लीन हिट फिल्म की तलाश में हैं. उनकी फिल्म 'कबीर सिंह' जो साल 2019 में आई थी, एक बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. फिल्म का कलेक्शन 200 करोड़ के पार गया था. 'कबीर सिंह' ने शाहिद को उनके करियर की बेस्ट सोलो फिल्म दिलाई थी.













