
'हमें मारने की धमकी मिल रही', मोनालिसा-फरमान ने लगाई गुहार, मांगी मदद
AajTak
मोनालिसा भोसले और उनके पति फरमान खान को अपनी इंटरफेथ शादी को लेकर तीखी आलोचना और जान से मारने की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है. दोनों ने अब मदद की गुहार लगाई है.
महाकुंभ 2025 के दौरान वायरल हुई मोनालिसा भोसले, जिन्हें दुनिया 'कुंभ मेला गर्ल' के नाम से जानती है, इन दिनों वो अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. मोनालिसा ने एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें वो अपने पति फरमान खान के साथ मदद की गुहार लगा रही है.
दरअसल मोनालिसा के फेसबुक पेज पर एक वीडियो शेयर हुआ. जिसमें इस कपल ने सार्वजनिक रूप से मदद की अपील की है.
मोनालिसा का वीडियो वायरल शादी के कुछ ही समय बाद मोनालिसा और फरमान ने एक परेशान करने वाला वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो के जरिए उन्होंने सीएम और पुलिस कमिश्नर और मीडिया से हस्तक्षेप करने की अपील की है.
कपल का आरोप है कि उन्हें सरेआम जान से मारने और काट डालने जैसी खौफनाक धमकियां दी जा रही हैं. मोनालिसा ने बताया कि उन्होंने औपचारिक रूप से अधिकारियों को पत्र और मेल भेजकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. मोनालिसा ने वीडियो में कहा, 'मैं मोनालिसा भोसले और ये मेरे पति फरमान खान है. मैं ये वीडियो एक लेटर के साथ सभी को मेल कर रही हूं, प्लीज हमारी मदद करो. हमें खुलेआम मारने और काटने की धमकी दी जा रही है.'
मिला था केरल सरकार का सपोर्ट बता दें कि विवादों से घिरने से पहले, इस मोनालिसा और फरमान ने अपनी शादी को लेकर केरल सरकार से मिले समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया था. 11 मार्च, 2026 को अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में हुई इस शादी में उम्मीद से कहीं ज्यादा लोग शामिल हुए थे.
फरमान ने खुशी जाहिर करते हुए बताया था कि उन्हें यकीन नहीं था कि उनकी शादी इतनी भव्य होगी. इस मौके पर शिक्षा मंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर जोड़े को अपना आशीर्वाद दिया था. मोनालिसा ने भी केरल प्रशासन की तारीफ करते हुए कहा था कि उनके लिए सभी धर्म एक समान हैं और वे सभी में विश्वास रखती हैं.













