
‘धुरंधर 2’ की ईद बनी बॉलीवुड का सबसे बड़ा दिन! 3 दिन से पहले 300 करोड़ पार
AajTak
‘धुरंधर 2’ की ऑफिशियल रिलीज को पूरे 3 दिन भी नहीं हुए हैं और ये 300 करोड़ नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है. ‘पुष्पा 2’ और ‘जवान’ के रिकॉर्ड भी पीछे छूट गए हैं. ईद के मौके पर फिल्म का क्रेज चरम पर है और ये दिन इंडस्ट्री का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस डे बन सकता है.
‘धुरंधर 2’ का क्रेज जनता के सिर पर इस कदर सवार है कि यकीन करना मुश्किल है. थिएटर्स में आने से पहले ही फायर मानी जा रही ये फिल्म, थिएटर्स में आने के बाद तो डायनामाइट बन चुकी है. इस फिल्म के बुधवार को हुए प्रीव्यू शोज से ही ये साफ हो गया था कि 'धुरंधर 2' बॉलीवुड में बॉक्स ऑफिस सक्सेस के बड़े रिकॉर्ड तोड़ने आ रही है. पर गुरुवार से ये फिल्म इतिहास बदल डालने के मूड में है. अब शनिवार को 'धुरंधर 2' का ईद सेलिब्रेशन थिएटर्स में ऐसा चल रहा है कि थिएटर्स में 3 दिन पूरे होने से पहले ही फिल्म ने 300 करोड़ का शानदार माइलस्टोन पार कर लिया है. क्रेज बता रहा है कि 'धुरंधर 2' शनिवार को बॉलीवुड के इतिहास का सबसे बड़ा दिन बनाने जा रही है.
सबसे तेज 300 करोड़ 2014 में जब आमिर खान की 'पीके' ने पहली बार 300 करोड़ कलेक्शन किया था, तब किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि कभी फिल्में ये आंकड़ा सिर्फ 3 दिन में पार करेंगी. लेकिन 'धुरंधर 2' के लिए कुछ भी असंभव नहीं है. शुक्रवार का दिन खत्म होने तक 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 226 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन कर लिया था.
सैकनिल्क की ट्रैकिंग बताती है कि फिल्म ने शनिवार शाम 7 बजे तक बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर डाला है. और इसके साथ 'धुरंधर 2' का टोटल कलेक्शन 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर गया है. इससे पहले हिंदी फिल्मों में सबसे तेज 300 करोड़ कमाने का रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के नाम था, जिसे सिर्फ 5 दिन लगे थे. 'पुष्पा 2' ने शाहरुख खान की 'जवान' को पछाड़कर रिकॉर्ड बनाया था, जिसके हिंदी वर्जन को 300 करोड़ पार करने में 6 दिन लगे थे.
बॉलीवुड का सबसे बड़ा दिन बनेगा ईद 2026! 'धुरंधर 2' के लिए शनिवार को अद्भुत क्रेज नजर आ रहा है. पहले से ही बॉक्स ऑफिस धमाल मचा रही इस फिल्म को ईद सेलिब्रेशन का साथ मिल गया है. तमाम लोकेशंस पर फिल्म के आखिरी शोज 11 बजकर 55 मिनट के हैं और वो भी फास्ट-फिलिंग मोड में हैं. ये रिपोर्ट लिखे जाने तक 'धुरंधर 2' के क्रेज का आलम ये है कि अगर अचानक आपका मन फिल्म देखने का कर जाए, तो पूरा चांस है कि आपकी पसंदीदा लोकेशन पर आपकी पसंदीदा सीट्स अवेलेबल ही नहीं होंगी. मेट्रो सिटीज ही नहीं, बी और सी सेंटर्स में भी अधिकतर लोकेशंस पर यही हाल है.
गुरुवार को 'धुरंधर 2' ने बॉलीवुड के इतिहास का सबसे बड़ा दिन दिया था और सिर्फ एक दिन में 102 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर समेटा था. शनिवार को अगर 7 बजे तक ही कलेक्शन 80 करोड़ से ज्यादा है, तो दिन खत्म होने तक ये कहां जाकर रुकेगा, कहना मुश्किल है! पर इतना तय है कि 'धुरंधर 2' गुरुवार का अपना ही टॉप रिकॉर्ड तोड़ने वाली है. फाइनल कलेक्शन का हाल-चाल और 'धुरंधर 2' के आगे भरभराकर गिर रहे रिकॉर्ड्स के लिए नजर और सब्र बनाए रखें.













