
कौन है 'धुरंधर 2' में नवाज शफीक बना एक्टर? पाकिस्तान से निकला कनेक्शन
AajTak
हाल ही में रिलीज हुई 'धुरंधर द रिवेंज' में एक्टर मशहूर अमरोही ने नवाब शफीक का किरदार निभाया है. यह किरदार पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ से इन्सपायर्ड है. एक्टर ने आदित्य धर को लेकर बात की है.
बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' का पार्ट 2 'धुरंधर: द रिवेंज' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और पिछली फिल्म की तरह ही, इस फिल्म की कास्टिंग को भी ऑडियंस से काफी तारीफ मिल रही है. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और मूवी के किरदारों को लेकर हर जगह बात हो रही है.
फिल्म धुरंधर में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से प्रेरित एक किरदार है, जिसका नाम नवाब शफीक है, और इस किरदार को एक्टर मशहूर अमरोही निभा रहे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि न सिर्फ फिल्म में बल्कि असल जिंदगी में भी उनका कनेक्शन पाकिस्तान से हैं.
मशहूर अमरोही का पाकिस्तान से कनेक्शन फिल्मों का शौक रखने वाले लोग महान फिल्मकार सय्यैद आमिर हैदर कमाल नकवी उर्फ कमाल अमरोही को जरूर जानते होंगे. इंडियन सिनेमा में कमाल अमरोही एक बड़ा नाम रहे हैं. उन्होंने अपने करियर में 'महल', 'पाकीजा' और 'रजिया सुल्तान' जैसी बेमिसाल फिल्में बनाई.
पाकिस्तान के मशहूर राइटर जौन एलिया और रईस अमरोहवी कमाल नकवी के कजिन हैं. वहीं धुरंधर में पाक पीएम नवाज शफीक का किरदार निभाने वाले एक्टर मशहूर अमरोही, कमाल अमरोही के पोते है. ऐसे में जौन एलिया और रईस अमरोहवी, रिश्ते में एक्टर मशहूर अमरोही के 'दादा' (Grand-uncles) लगेंगे. कहा जा सकता हैं कि डायरेक्टर आदित्य धर की 'पीक डिटेलिंग' यहां भी देखी गई है, यानी जिसका कनेक्शन सीधे पाकिस्तान से हो, उसे ही धुरंधर में पाक पीएम का रोल दे दिया.
कौन हैं एक्टर मशहूर? एक्टर मशहूर ने अपने करियर की शुरुआत एक्टिंग से नहीं बल्कि फिल्म मेकिंग की बारीकियां सीखने से की. उन्होंने फेमस डायरेक्टर डेविड धवन को फिल्म मुझसे शादी करोगी (2004) जैसी हिट फिल्म में असिस्ट किया था.
इसके करीब 4 साल बाद 2008 में फिल्म हम से है जहां से बॉलीवुड में एक साथ अलग-अलग रोल में कदम रखा. वे इस फिल्म के एक्टर, डायरेक्टर और राइटर थे. हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कामयाब नहीं हो सकी. इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में इमरान हाशमी के साथ फिल्म क्रूक (Crook), यश राज फिल्म्स की वॉर (War) और वेब सीरीज फ्रीडम एट मिडनाइट (Freedom at Midnight) में एक्टिंग से इंप्रेस किया.













