
अनुराग कश्यप के दामाद को हुई लाइलाज बीमारी, घटा 8 किलो वजन, शेयर किया दर्द
AajTak
दिसंबर 2024 में बॉलीवुड डायरेक्टर अनुराग कश्यप की बेटी आलिया से शादी करने वाले शेन ग्रेगोइरे ने अपनी एक गंभीर बीमारी का खुलासा किया है. शेन को एक लाइलाज बीमारी अल्सरेटिव कोलाइटिस हो गई है.
मशहूर फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप की बेटी आलिया कश्यप के पति और अमेरिकी बिजनेसमैन शेन ग्रेगोइरे ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें उन्होंने बताया कि वो सेहत को लेकर एक ऐसे कठिन दौर से गुजरे हैं, जिसका मेडिकल साइंस में कोई स्थाई इलाज नहीं माना जाता.
शेन ने इंस्टाग्राम पर शेयर की गई अपनी एक पोस्ट में बताया कि उन्हें अल्सरेटिव कोलाइटिस (Ulcerative Colitis) नामक गंभीर बीमारी हो गई है.
शेन के इस मुश्किल वक्त की शुरुआत किसी को डरा देने वाली थी. अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि सब कुछ एक गंभीर फूड पॉइजनिंग से शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते उन्हें बिस्तर पर ला दिया. हालत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें महज दो हफ्तों के भीतर दो बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. हालांकि, उस वक्त उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह तो सिर्फ उस तूफान की शुरुआत थी, जो उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदलने वाला था. अस्पताल से आने के बाद भी उनकी मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही थीं.
बीमारी का इलाज ही नहीं शेन ने बताया कि हर बार खाना खाने पर असहनीय दर्द महसूस होने लगा. वे बताते हैं कि वह दौर बहुत डरावना था; वे हर वक्त खुद को बीमार, कमजोर और बेचैन महसूस करते थे. तकलीफ का आलम यह था कि महज कुछ ही हफ्तों में उनका वजन 17 पाउंड यानी करीब 8 किलो तक घट गया. कई जांचों और लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार डॉक्टरों ने उस बीमारी का नाम बताया—अल्सरेटिव कोलाइटिस (Ulcerative Colitis) . सबसे बुरी खबर तो यह थी कि डॉक्टरों के मुताबिक, इस बीमारी का कोई इलाज ही नहीं है.
बीमारी का नाम पता चलने के बाद शेन ने हार मानने के बजाय खुद लड़ने का फैसला किया. शेन ने खुद अपनी सेहत की कमान संभाली और अपने शरीर, खासकर पेट (Gut Health) की प्रक्रिया को गहराई से समझना शुरू किया. उन्होंने कई तरह के उपाय आजमाए, डाइट में बदलाव किए और एक साल तक लगातार 'ट्रायल और एरर' यानी गलतियों से सीखते हुए खुद पर प्रयोग किए. उनकी यह जिद ही थी कि सालभर की कड़ी मेहनत के बाद वे धीरे-धीरे ठीक होने लगे.
उन्होंने पोस्ट के अंत में बताया कि आज वो फिर से एक सामान्य और खुशहाल जिंदगी जी पा रहे हैं. वे बताते हैं कि आज भी कभी-कभी उन्हें हल्की तकलीफों का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब उनके पास इससे लड़ने का तरीका हैं. अपनी बात खत्म करते हुए शेन ने एक बहुत ही खूबसूरत संदेश दिया. उन्होंने लिखा कि कभी-कभी जिंदगी वाकई बहुत मायूस और अंधेरी लगने लगती है, लेकिन अगर इंसान लगातार रोशनी की तलाश जारी रखे, तो वह मंजिल तक जरूर पहुंच जाता है.













