
'धुरंधर 2' ने कनाडा में बदली सालों पुरानी प्रथा, पहली बार थिएटर में हुआ इंटरवल? लोग हुए हैरान
AajTak
आदित्य धर की 'धुरंधर 2' हर मायने में ट्रेंड बदलने का काम कर रही है. इस फिल्म ने कनाडा के थिएटर्स में इंटरवल लाने पर मजबूर कर दिया है, जहां पिछले कई सालों से एक भी फिल्म में इंटरवल नहीं आया था.
इंडिया से बाहर जितने थिएटर होते हैं, वहां आमतौर पर फिल्मों के बीच इंटरवल नहीं होता है. ये चीज सिर्फ इंडियन ऑडियंस ही ज्यादातर एक्सपीरियंस करते हैं. कनाडा में ऐसी कई फिल्में आई हैं, जिनका रन-टाइम भले कितना भी लंबा हो. मगर वहां इंटरवल नहीं दिया जाता. लेकिन हाल ही में आई 'धुरंधर: द रिवेंज' ने इस प्रथा को भी तोड़ने का काम किया है. आदित्य धर की फिल्म ने पहली बार कनाडा के थिएटर्स में इंटरवल ब्रेक लाने पर मजबूर किया है.
आदित्य धर की फिल्म बदल रही गेम
'धुरंधर 2' कनाडा से सिनेप्लेक्स थिएटर में लगी हुई है, जहां 15 मिनट का अलग से इंटरवल ब्रेक रखा गया है. इंस्टाग्राम पर एक कनाडा यूजर ने थिएटर का वीडियो शेयर करके इंटरवल ब्रेक अपना और वहां के लोगों रिएक्शन भी दिखाया है. वीडियो में लोगों को हंसते-मुस्कुराते देखा गया है. यूजर ने अपने वीडियो में कनाडा के झंडे के साथ एक नोट लिखा है- 'धुरंधर 2' इफेक्ट.
'फिल्म 4 घंटे की है, तो इतिहास में शायद पहली बार है कि सिनेप्लेक्स में एक इंटरवल ब्रेक भी रखा गया है. मैंने यहां 20 साल तक रहते हुए ये सब कभी नहीं देखा था. हर कोई काफी एक्साइटेड था.' यूजर ने पोस्ट के जरिए ये भी बताया कि इंडिया के अलावा, कनाडा के सिनेप्लेक्स में आमतौर पर इंटरवल ब्रेक नहीं रखा जाता. लेकिन 'धुरंधर 2' ने वो चीज में बड़ा बदलाव किया. उनका ये भी कहना है कि 'धुरंधर पार्ट 1' के दौरान कई लोगों ने सिनेमा वालों से ब्रेक की डिमांड की थी, जो इस बार पूरी की गई.
इंटरवल ब्रेक पर इंडियन यूजर्स हुए हैरान
सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल है. इंडियन यूजर्स इस इंटरवल ब्रेक वाली बात पर अपना रिएक्शन शेयर कर रहे हैं. कुछ लोग हैरान हैं, तो कुछ इन फैक्ट्स को सही करने में जुटे हैं. एक यूजर ने लिखा है कि हर थिएटर में ऐसे ही 15 मिनट का टाइमर होना चाहिए. वहीं एक यूजर, जो कनाडा में रह रहे हैं, उन्होंने बताया कि 'पुष्पा 2' और 'कांतारा' जैसी फिल्मों में भी इंटरवल ब्रेक दिया गया था. इसके अलावा 90s-2000 के दौरान भी बॉलीवुड की फिल्मों में इंटरवल ब्रेक हुआ करते थे.













