
3.3 सेकंड में 100 किमी की रफ्तार, भारत में लॉन्च हुई 'जेम्स बॉन्ड' की फिल्मों वाली सुपर स्पोर्ट कार, कीमत है इतनी
AajTak
Aston Martin Vanquish: एस्टन मार्टिन ने की नई सुपर स्पोर्ट कार वैनक्विश को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. कंपनी दुनिया भर में इस कार के केवल 1,000 यूनिट्स की ही बिक्री करेगी, जिसमें से कुछ यूनिट्स को यहां के बाजार में उतारा गया है.
ब्रिटिश कार निर्माता कंपनी एस्टन मार्टिन ने भारतीय बाजार में अपनी नई सुपरकार वैनक्विश (Aston Martin Vanquish) को लॉन्च किया है. आकर्षक लुक और दमदार V12 इंजन से लैस इस सुपर लग्ज़री कार की शुरुआती कीमत 8.85 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है. यह हाई-परफॉरमेंस स्पोर्ट्स कार है, जिसकी दुनिया भर में केवल 1,000 यूनिट्स का ही प्रोडक्शन किया जाएगा. इनमें से कुछ यूनिट्स को भारत में भी बिक्री के लिए पेश किया गया है. हालांकि कंपनी ने इस बात की जानकारी नहीं दी है कि इंडिया में इसके कितने यूनिट्स को बिक्री के लिए रखा गया है.
लुक और डिज़ाइन:
एस्टन मार्टिन वैनक्विश के फ्रंट में एक स्पेशल ग्रिल दी गई है. जिसके दोनों ओर मैट्रिक्स LED हेडलाइट्स और एक आकर्षक स्प्लिटर है. जो ब्रांड के तकरीबन सभी मॉडलों में समान रूप से देखने को मिलता है. इस एयरोडायनामिक स्पोर्ट्स कार के साइड व्यू में कार्बन फाइबर बॉडीवर्क को फ्लश डोर हैंडल द्वारा कम्पलीट किया गया है. कार के रियर लुक को भी आकर्षक बनाया गया है. जिसे क्वाड-टेलपाइप टाइटेनियम एग्जॉस्ट और एक इंटिग्रेटेड डिफ्यूज़र द्वारा हाइलाइट किया गया है.
इंजन... पावर और परफॉर्मेंस:
Aston Martin Vanquish उन कुछ स्पोर्ट्स कारों में से एक है जो अभी भी V12 इंजन से लैस हैं. यह इंजन अपने परफॉर्मेंस को बढ़ाने के लिए ट्विन टर्बोचार्जर्स से एयरफ्लो प्राप्त करता है. कंपनी ने इस कार में 5.2 लीटर की क्षमता का वी12 इंजन का इस्तेमाल किया है जिसे 8-स्पीड ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन गियरबॉक्स से जोड़ा गया है.
कंपनी का दावा है कि ये कार महज 3.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा तक की स्पीड पकड़ सकती है. जबकि इसकी टॉप स्पीड 345 किमी/घंटा है. बता दें कि, वैनक्विश एस्टन मार्टिन का सबसे पावरफुल और सबसे तेज़ सीरीज़-प्रोडक्शन मॉडल है. कार के परफॉर्मेंस को बढ़ाने के लिए कार में एक्सटेंडेड व्हीलबेस दिया गया है जो कम्फर्टेबल राइड प्रदान करने में मदद करता है.













