
साउथ ग्रुप, पिल्लई से सामना और व्हाट्सएप चैट... कविता से ED ने 8 घंटे क्या सवाल किए?
AajTak
तेलंगाना सीएम की बेटी के. कविता से ईडी ने शनिवार को दिल्ली शराब घोटाले में 8 घंटे तक पूछताछ की. इस दौरान एजेंसी ने उनसे सिसोदिया और साउथ ग्रुप के लोगों के कनेक्शन के बारे में पूछा. इसके अलावा समीर महेंद्रू की कंपनी में निवेश पर भी सवाल-जवाब किए. हालांकि कविता से ईडी की पूछताछ अभी जारी रहेगी.
तेलंगाना सीएम के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता से शनिवार को ईडी ने दिल्ली शराब घोटाले में पूछताछ की. ईडी की 8 घंटे तक चली पूछताछ में कविता का हैदराबाद के बिजनेसमैन अरुण रामचंद्र पिल्लई से सामना कराया गया. पिल्लई रॉबिन डिस्टिलरीज एलएलपी कंपनी में साझेदार है. ईडी के अनुसार यह कंपनी के. कविता और उनसे जुड़े ग्रुप का प्रतिनिधित्व करती है. पिल्लई 13 मार्च तक ईडी की हिरासत में है.
ईडी ने कविता से आरोपी समीर महेंद्रू की कंपनी इंडोस्पिरिट में किए गए कथित निवेश के बारे में भी पूछा. पूछताछ खत्म होने के बाद कविता अपने घर पहुंचीं तो उनके कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ आई. उन्होंने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की. ईडी ने उन्हें 16 मार्च को फिर से पेश होने के लिए समन दिया है.
जानकारी के मुताबिक एजेंसी ने कविता को कुछ व्हाट्सएप चैट भी दिखाए. कविता से "साउथ ग्रुप" के साथ उसके कनेक्शन और आरोपी विजय नायर के साथ उसकी मुलाकात के बारे में भी पूछताछ की गई. ईडी ने उनसे कई फोन के इस्तेमाल और सबूत नष्ट करने के बारे में भी सवाल-जवाब किए. ईडी ने पूछताछ के दौरान जब कविता से उनके मोबाइल फोन मांगे तो पता चला कि फोन घर पर हैं. इस पर एजेंसी ने कविता के सुरक्षाकर्मियों को घर भेजकर फोन मंगवाए और उन्हें जब्त कर लिया.
कविता को दिल्ली शराब नीति 2021-22 के मसौदे की वे कॉपियां भी दिखाई गईं, जिन्हें सार्वजनिक किए जाने से पहले कुछ आरोपियों को लीक कर दिया गया था. जानकारी के मुताबिक कविता नई दिल्ली में ईडी के मुख्यालय में करीब 9 घंटे तक रहीं. इस दौरान उनसे एजेंसी ने 8 घंटे पूछताछ की और एक घंटा लंच के लिए दिया गया.
कविता के समर्थकों ने जमकर की नारेबाजी
वहीं कविता जब पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर के लिए निकलीं थी, तब बीआरएस समर्थकों ने उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी की थी. केसीआर के आवास पर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेताओं, सांसदों और विधायकों ने जमावड़ा लगा दिया. वहीं पुलिस ने केसीआर के आवास पर बीआरएस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए एहतियातन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए थे. पुलिस ने आवास के बाहर बैरिकेडिंग कर दी थी.

MP विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को उस समय मर्यादाएं तार-तार हो गईं, जब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच तीखी बहस ने अपमानजनक मोड़ ले लिया. सदन में इस्तेमाल किए गए असंसदीय शब्दों के कारण न केवल कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी, बल्कि मुख्यमंत्री को भी मोर्चा संभालना पड़ा.

केरल स्टोरी 2 फिल्म को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. मुस्लिम पक्ष इस फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी सरकार का प्रोपेगेंडा बता रहा है. दूसरी ओर, फिल्म मेकर और सरकार के समर्थक कह रहे हैं कि जो भी घटनाएं हुई हैं, उन्हीं पर इस फिल्म की कहानी आधारित है. इसी बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी इस फिल्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.











