
सलमान ने बिगाड़ा विवेक ओबेरॉय का करियर? सवाल पर राम गोपाल वर्मा का जवाब, बोले- अगर वो कंपनी
AajTak
विवेक ओबेरॉय ने राम गोपाल वर्मा की फिल्म से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था. अब डायरेक्टर ने विवेक की सलमान खान से लड़ाई और उससे एक्टर के करियर पर पड़े असर जैसी बातों पर रिएक्ट किया है.
विवेक ओबेरॉय एक वक्त पर बॉलीवुड के सबसे टैलेंटेड एक्टर्स की लिस्ट में शुमार थे. मगर जबसे उनका सुपरस्टार सलमान खान से झगड़ा हुआ, तभी से उनके सितारे गर्दिश में चले गए. विवेक धीरे-धीरे इंडस्ट्री से गायब हो गए. हालांकि इस बीच वो कुछ यादगार फिल्मों में जरूर नजर आए.
जब सलमान से भिड़े थे विवेक ओबेरॉय
विवेक और सलमान का झगड़ा साल 2004 से पब्लिक हुआ. एक्टर ने सलमान पर कई आरोप लगाए, जिसके बाद उन्हें कई प्रोजेक्ट्स से हाथ धोना पड़ा. कहा जाने लगा कि सलमान ने ही विवेक का करियर बर्बाद किया है. हालांकि वो हमेशा इस बात को खारिज करते आए हैं. अब फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने विवेक के करियर पर कमेंट किया है. विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर जब RGV से पूछा गया कि क्या सलमान खान ने विवेक का करियर खराब किया?
क्या बॉलीवुड में भी कैंप्स मौजूद हैं जिससे एक्टर्स को बाहर किया जाता है? तो इसपर फिल्ममेकर बोले, 'मैं बिल्कुल नहीं मानता कि ऐसा है. कोई कैंप नहीं होंगे, सिर्फ अलग-अलग लोग होंगे. हर कोई सिर्फ अपने लिए है. और ऐसा ही होना चाहिए. यही इंसानी फितरत है कि मैं सबसे ज्यादा सफल होना चाहता हूं. ग्रुप में इसलिए रहते हैं क्योंकि सोशल ग्रुप चाहिए — दोस्त, मिलना-जुलना, बातें करना. लेकिन बाहर से देखने में वो ग्रुप कैंप जैसा लगता है. जलन भी इंसान में पैदा ही होती है. अगर कोई और ज्यादा सफल हो जाए, तो कोई इंसान सह नहीं पाता. इसे नीचा मत दिखाओ, बल्कि इसे अपनी नेचर के अंदर मान लो.'
विवेक को लेकर राम गोपाल वर्मा की क्या राय?
राम गोपाल वर्मा आगे बोले, 'अब उस वक्त जो उसने कहा, जो हुआ, मैं उनके निजी मामलों में नहीं पड़ना चाहता. मेरी विवेक के बारे में राय ये है कि मुझे लगा कि अगर वो 'कंपनी' जैसी फिल्मों वाले किरदारों के साथ ही चिपके रहते, यानी बहुत तेज, इंटेंस और आक्रामक टाइप के रोल – जैसे युवा नाना पाटेकर की तरह – तो शायद वो उसके लिए सही रास्ता होता. ऐसे रोल करने से अच्छी-बुरी फिल्में आती रहतीं, लेकिन सब मिलकर एक खास छाप छोड़तीं.'













