
'जेलर 2' में शाहरुख खान के साथ दिखेंगे रजनीकांत! मोहनलाल के स्टाइलिस्ट ने दिया हिंट
AajTak
डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार जेलर के सीक्वल को पहले पार्ट से भी भव्य बनाने की तैयारी में हैं. फिल्म की कास्टिंग ही इसकी सबसे बड़ी ताकत बनती जा रही है. इसके अलावा मोहनलाल के स्टाइलिस्ट ने बड़ा हिंट दिया है.
सिनेमा प्रेमियों के लिए इससे बड़ी खबर और क्या हो सकती है कि इंडियन सिनेमा के दो सबसे बड़े दिग्गज, शाहरुख खान और रजनीकांत, पहली बार एक ही फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं. नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'जेलर' ने 2023 में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था, और अब इसके सीक्वल 'जेलर 2' को लेकर नया अपडेट आया है.
लंबे समय से चल रही अफवाहों पर अब लगभग मुहर लग चुकी है कि किंग खान इस फिल्म में एक धमाकेदार कैमियो करेंगे. इस खबर के बाहर आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है और हर कोई रजनीकांत और शाहरुख को एक ही फ्रेम में देखने के लिए बेताब है.
मोहनलाल के स्टाइलिस्ट की मुहर! 'जेलर 2' में शाहरुख खान की एंट्री की खबर किसी और ने नहीं बल्कि मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के स्टाइलिस्ट जिशाद शमसुद्दीन ने पुख्ता की है. जिशाद ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक दिलचस्प एआई-जनरेटेड तस्वीर शेयर की. इस फोटो में शाहरुख खान गाड़ी चलाते हुए दिख रहे हैं, उनके बगल में मोहनलाल बैठे हैं, जबकि पिछली सीट पर रजनीकांत और शिवा राजकुमार नजर आ रहे हैं.
इस पोस्ट को शेयर करते हुए जिशाद ने तमिल में लिखा, 'कंदिप्पा इरुक्कुम', जिसका मतलब है कि 'यह पक्का होगा'. इस इशारे ने साफ कर दिया है कि न केवल शाहरुख फिल्म का हिस्सा हैं, बल्कि इन सभी सितारों का एक साथ एक पावर-पैक्ड सीन भी होने वाला है.
मिथुन चक्रवर्ती ने भी किया कंफर्म दिलचस्प बात यह है कि इस बड़े सरप्राइज का संकेत दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने पिछले साल ही दे दिया था. एक बातचीत के दौरान मिथुन दा ने अनजाने में यह राज खोल दिया था कि वह 'जेलर 2' में विलेन की भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कहा था कि फिल्म में रजनीकांत, मोहनलाल, शाहरुख खान, राम्या कृष्णन और शिवा राजकुमार के किरदार उनके खिलाफ एकजुट होंगे. हालांकि उस वक्त इसे महज एक अफवाह माना जा रहा था, लेकिन अब कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं.
रजनीकांत के साथ पहली बार SRK भले ही शाहरुख खान ने अपनी फिल्म 'रा.वन' में रजनीकांत के 'चिट्ठी' रोबोट वाले किरदार को शामिल किया था और 'चेन्नई एक्सप्रेस' का 'लुंगी डांस' गाना उन्हें डेडिकेटे किया था, लेकिन हकीकत में दोनों ने कभी एक साथ स्क्रीन शेयर नहीं की. 'रा.वन' के समय रजनीकांत की तबीयत ठीक नहीं थी, जिस वजह से वह कैमियो नहीं कर सके थे. अब 'जेलर 2' के जरिए यह ऐतिहासिक पल हकीकत बनने जा रहा है.













