
संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, उम्र सीमा में चार साल की बढ़ोतरी; पढ़ें डिटेल्स
ABP News
झारखंड सरकार ने जेपीएससी 14वीं सिविल सेवा परीक्षा के लिए आवेदन की उम्र सीमा चार साल बढ़ाकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब हजारों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.
झारखंड में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में आवेदन के लिए अधिकतम उम्र सीमा चार साल बढ़ा दी गई है. इस अहम फैसले की जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान दी. सरकार के इस कदम से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो उम्र सीमा के कारण परीक्षा से बाहर हो रहे थे.
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन को इस फैसले से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि जेपीएससी की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के लिए उम्र सीमा की गणना की तिथि में बदलाव किया गया है. पहले यह तिथि 1 अगस्त 2026 तय की गई थी, लेकिन अब इसे बदलकर अगस्त 2022 कर दिया गया है. इसका सीधा फायदा यह होगा कि उम्मीदवारों को प्रभावी रूप से चार साल की अतिरिक्त छूट मिल जाएगी.
पहले क्या थी स्थिति
जेपीएससी की ओर से जब 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025 के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया था, तब उम्र की गणना की तिथि 1 अगस्त 2026 रखी गई थी. इस वजह से बड़ी संख्या में उम्मीदवार अधिकतम उम्र सीमा पार कर चुके थे और आवेदन करने से वंचित रह जाते. लंबे समय से यह मुद्दा अभ्यर्थियों और जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ था.













